मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सोलन में सरकारी स्कूलों की शिक्षा और सुरक्षा पर सोशल ऑडिट, कई उपलब्धियों के साथ कमियां भी आईं सामने

सार

सोलन में आयोजित जिला स्तरीय सोशल ऑडिट एवं जनसुनवाई में सरकारी स्कूलों की शिक्षा, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। रिपोर्ट में कई सकारात्मक पहलुओं के साथ सुरक्षा समितियों और सुझाव पेटियों जैसी कमियां भी सामने आईं, जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।

3 मिनट
सोलन में सरकारी स्कूलों की शिक्षा और सुरक्षा पर सोशल ऑडिट, कई उपलब्धियों के साथ कमियां भी आईं सामने

जनसुनवाई में विद्यार्थियों की सुरक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा; उपायुक्त ने सुरक्षा समितियां व सुझाव पेटियां अनिवार्य करने के दिए निर्देश

सोलन, 7 जुलाई: सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा के उद्देश्य से सोमवार को सोलन के कला केंद्र हॉल में जिला स्तरीय सामाजिक ऑडिट एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की सोशल ऑडिट टीम तथा समग्र शिक्षा द्वारा जिले के 20 प्रतिशत सरकारी विद्यालयों में किए गए रैंडम सोशल ऑडिट के निष्कर्ष प्रस्तुत किए गए।

ऑडिट रिपोर्ट में सरकारी विद्यालयों की कई उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ कुछ महत्वपूर्ण कमियों को भी रेखांकित किया गया, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को दिए।

सुरक्षित और सकारात्मक मिला शैक्षणिक माहौल

रिपोर्ट के अनुसार जिले के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण पाया गया। किसी भी विद्यालय में मानसिक या यौन उत्पीड़न का मामला सामने नहीं आया तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत भी कोई मामला दर्ज नहीं है।

इसके अलावा दस्तावेजों की कमी के कारण किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश से वंचित नहीं किया गया, जो समावेशी शिक्षा की दिशा में सकारात्मक संकेत माना गया।

इको क्लब और बैग-लेस डे जैसी पहल की सराहना

रिपोर्ट में बताया गया कि अधिकांश विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता के लिए यूथ एवं इको क्लब गठित किए गए हैं। वहीं विद्यार्थियों के व्यावहारिक एवं कौशल विकास के उद्देश्य से बैग-लेस डे की अवधारणा को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

सुरक्षा समितियों और सुझाव पेटियों की कमी

सोशल ऑडिट के दौरान कुछ गंभीर कमियां भी सामने आईं। जिले के लगभग 27 प्रतिशत विद्यालयों में अभी तक सुरक्षा एवं संरक्षा समिति (Security and Safety Committee) का गठन नहीं किया गया है। वहीं 37 प्रतिशत विद्यालयों में विद्यार्थियों की शिकायतें, सुझाव और बुलिंग जैसी समस्याओं के लिए सुझाव पेटी (Suggestion Box) उपलब्ध नहीं है।

उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने सभी विद्यालय प्रमुखों को तत्काल सुरक्षा समितियों का गठन करने और प्रत्येक विद्यालय में सुझाव पेटियां स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यालयों के आधारभूत ढांचे के विकास के लिए हर संभव वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है,

लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों को सोशल ऑडिट की प्रक्रिया के दायरे में लाया जाएगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

जनसुनवाई में उठे जमीनी मुद्दे

कार्यक्रम में एचपीयू सोशल ऑडिट टीम के प्रो. रणधीर सिंह रान्ता, समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. राजिंदर वर्मा, जिला एएमएमआईसीई प्रभारी गोविंद ठाकुर, विद्यालय प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्य, शिक्षाविद और अभिभावियों ने भाग लिया।

जनसुनवाई के दौरान अर्की-बथालंग स्कूल के पूर्व एसएमसी प्रधान एवं विद्यालय के एडोप्टी नरेश कुमार ने प्राथमिक विद्यालयों की उपेक्षा, बच्चों की सुरक्षा, सड़क संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

उन्होंने मांग की कि दूरदराज और प्राथमिक विद्यालयों में भी उच्च विद्यालयों के समान सुरक्षा, आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कदम उठाए जाएं।

जनसुनवाई के समापन पर प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सोशल ऑडिट में सामने आए सुझावों और कमियों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी विद्यालयों में सुरक्षा, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

Solan News, Himachal Pradesh News, Government Schools Himachal, Social Audit, Public Hearing, School Safety, Education Quality, Samagra Shiksha, HPU Social Audit Team, Manmohan Sharma, Solan DC, POCSO, School Infrastructure, Suggestion Box, Security and Safety Committee, Himachal Education News

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें