आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के बाद एसडीएम नाहन ने जारी किए आदेश, परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), शिमला की ओर से जिला सिरमौर के लिए 28 जुलाई, 2026 को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं की संभावना जताई है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उपमंडलाधिकारी (नागरिक) नाहन राजीव कुमार ने जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार नाहन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और निजी विद्यालय, महाविद्यालय, आईटीआई तथा आंगनवाड़ी केंद्र 29 जुलाई, 2026 (बुधवार) को बंद रहेंगे।
हालांकि, जिन विद्यार्थियों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। परीक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें, ताकि खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और हितों की रक्षा की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति तथा ड्यूटी से संबंधित हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देश और आदेश पहले की तरह लागू रहेंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube