कुईरू गांव में युवक से मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला की गई जान, आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
अर्की उपमंडल के गांव कुईरू में मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। यहां एक युवक के साथ मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां की कथित तौर पर धक्का लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुईरू गांव निवासी अनु पुत्र विजय सिंह पहले से रास्ते में बैठा हुआ था। आरोप है कि उसने शुभम का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की आवाज सुनकर शुभम की मां मीना ठाकुर मौके पर पहुंचीं और दोनों युवकों को छुड़ाने का प्रयास करने लगीं।
इसी दौरान आरोपी ने महिला को कथित तौर पर जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह करीब 10 फीट नीचे डंगे पर जा गिरीं। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई। परिजन उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल अर्की लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अर्की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी अनु पुत्र विजय सिंह निवासी कुईरू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका के परिजन खेम चंद ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी गांव में लोगों के साथ बेवजह विवाद करता रहता था। उन्होंने कहा कि मीना ठाकुर केवल अपने बेटे को बचाने और विवाद शांत करवाने के लिए मौके पर पहुंची थीं, लेकिन आरोपी की हरकत के कारण उनकी जान चली गई।
परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका के बेटे नरेश कुमार ने कहा कि उनकी मां का इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था और वह केवल बीच-बचाव करने पहुंची थीं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube