मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला के रेड टेप स्टोर को बड़ा झटका, कैरी बैग के 10 रुपये वसूलना पड़ा महंगा; 24 हजार रुपये देने के आदेश

सार

शिमला के मालरोड स्थित रेड टेप स्टोर में सामान खरीदने के बाद कैरी बैग के लिए 10 रुपये अतिरिक्त वसूलने पर जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कड़ा फैसला सुनाया है। आयोग ने तीन मामलों में कैरी बैग की राशि लौटाने के साथ उपभोक्ताओं को मानसिक प्रताड़ना और मुकदमा खर्च के लिए कुल 24 हजार रुपये देने के आदेश दिए हैं।

3 मिनट
शिमला के रेड टेप स्टोर को बड़ा झटका, कैरी बैग के 10 रुपये वसूलना पड़ा महंगा; 24 हजार रुपये देने के आदेश

उपभोक्ता आयोग ने तीन मामलों में कैरी बैग शुल्क को अनुचित व्यापार प्रथा माना, मानसिक प्रताड़ना और मुकदमा खर्च के लिए भी मुआवजा देने के निर्देश

राजधानी शिमला के मालरोड स्थित रेड टेप स्टोर में कैरी बैग के लिए 10 रुपये अतिरिक्त वसूलना कंपनी को भारी पड़ गया है। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने तीन मामलों में स्टोर के खिलाफ कड़ा फैसला सुनाते हुए कैरी बैग के नाम पर वसूली गई राशि वापस करने के आदेश दिए हैं।

साथ ही उपभोक्ताओं को मानसिक प्रताड़ना और मुकदमा खर्च के लिए कुल 24 हजार रुपये का भुगतान करने को कहा गया है।

आयोग ने कंपनी के नाम और लोगो वाले कैरी बैग के लिए अलग से शुल्क वसूलने को अनुचित व्यापार प्रथा और सेवा में कमी माना है।

तीन उपभोक्ताओं ने दर्ज कराई थी शिकायत

मंडी निवासी सुभाष चंद्र, शिमला निवासी अनिल ठाकुर और गौरव कुमार ने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायत के अनुसार, 13 अगस्त 2025 को सुभाष चंद्र और अनिल ठाकुर ने मालरोड स्थित रेड टेप स्टोर से क्रमश: 458 रुपये और 431 रुपये की छूट दर पर रेड टेप ट्रंक्स खरीदे थे। वहीं, 14 अप्रैल 2025 को गौरव कुमार ने स्टोर से शर्ट और जींस खरीदी थी।

सामान की बिलिंग के दौरान कर्मचारियों ने तीनों उपभोक्ताओं को कैरी बैग दिया। उपभोक्ताओं को लगा कि सामान के साथ बैग मुफ्त दिया जा रहा है, लेकिन बिल देखने पर पता चला कि कैरी बैग के लिए 10 रुपये अतिरिक्त जोड़े गए थे।

उपभोक्ताओं ने जब इसका विरोध करते हुए पैसे वापस मांगे तो कर्मचारियों ने बिल में प्रविष्टि हो जाने का हवाला देते हुए राशि लौटाने से इनकार कर दिया।

कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण का दिया तर्क

मामले की सुनवाई के दौरान रेड टेप स्टोर की ओर से तर्क दिया गया कि कैरी बैग के लिए शुल्क पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की कटाई रोकने के उद्देश्य से लिया जाता है। कंपनी ने यह भी कहा कि ग्राहकों के लिए कैरी बैग खरीदना अनिवार्य नहीं है।

हालांकि, आयोग के अध्यक्ष डॉ. बलदेव सिंह और सदस्य निधि शर्मा की खंडपीठ ने कंपनी के इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। आयोग ने राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग के पूर्व निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि कंपनी के नाम या लोगो वाले बैग के लिए ग्राहक से अलग से शुल्क नहीं लिया जा सकता।

कंपनी के नाम और लोगो वाले बैग पर नहीं ले सकते शुल्क

आयोग ने पाया कि रेड टेप स्टोर की ओर से उपभोक्ताओं को दिए गए कैरी बैग पर कंपनी का नाम और 'गो ग्रीन' का लोगो छपा हुआ था। आयोग के अनुसार यदि किसी कारोबारी प्रतिष्ठान द्वारा अपने नाम, लोगो या विज्ञापन वाले बैग उपलब्ध कराए जाते हैं तो उसके लिए ग्राहक से अलग से शुल्क नहीं वसूला जा सकता।

ऐसे बैग को ग्राहक को मुफ्त उपलब्ध कराना होगा।

सामान उचित स्थिति में देना विक्रेता की जिम्मेदारी

आयोग ने सेल ऑफ गुड्स एक्ट का हवाला देते हुए कहा कि खरीदे गए सामान को ग्राहक तक उचित स्थिति में पहुंचाना विक्रेता की जिम्मेदारी है। ऐसे में कंपनी के ब्रांड और लोगो वाले कैरी बैग के लिए अलग से शुल्क लेना उचित नहीं माना जा सकता।

आयोग ने तीनों मामलों में रेड टेप स्टोर को कैरी बैग के लिए वसूली गई 10-10 रुपये की राशि वापस करने के साथ मानसिक प्रताड़ना और मुकदमा खर्च के लिए कुल 24 हजार रुपये का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।

45 दिन में करना होगा आदेश का पालन

जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने रेड टेप आउटलेट को आदेश का पालन करने के लिए 45 दिन का समय दिया है। इस फैसले के बाद ब्रांडेड कैरी बैग के लिए ग्राहकों से अतिरिक्त शुल्क वसूलने वाले दुकानदारों और शोरूम संचालकों के लिए भी यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • रेड टेप
  • कैरी बैग
  • उपभोक्ता आयोग
  • अनुचित व्यापार
  • मुआवजा
  • मानसिक प्रताड़ना

इस खबर को शेयर करें