मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

चरवाहों की ज़िंदगी बदलेगी ‘व्यवस्था परिवर्तन’ योजना, गद्दी समुदाय को मिलेगा नया संबल

सार

हिमाचल प्रदेश में गद्दी समुदाय की आजीविका को बेहतर बनाने के लिए सरकार के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ विज़न को नई गति मिली है।

3 मिनट
चरवाहों की ज़िंदगी बदलेगी ‘व्यवस्था परिवर्तन’ योजना, गद्दी समुदाय को मिलेगा नया संबल

शिमला।

हिमाचल प्रदेश में गद्दी समुदाय की आजीविका को बेहतर बनाने के लिए सरकार के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ विज़न को नई गति मिली है। इस पहल के माध्यम से गद्दी समुदाय के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की ‘व्यवस्था परिवर्तन’ पहल के तहत राज्य में पशुपालकों को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर रणनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं।

पारंपरिक समुदायों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार पशुपालकों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ मानते हुए संस्थागत सुधारों की दिशा में कार्य कर रही है।

इसी कड़ी में राज्य सरकार ने ‘हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र में चरवाहों के लिए रोज़गार’ योजना के अंतर्गत हिमालयी घुमंतू गद्दी समुदाय के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी है।

इस परियोजना का उद्देश्य आजीविका सुरक्षा, पारिस्थितिक संरक्षण, पारंपरिक चरवाहा प्रथाओं का आधुनिकीकरण, स्थानीय नस्लों का संरक्षण तथा मजबूत बाजार संपर्क स्थापित कर पशुपालकों के लिए स्थायी आय सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना, पारंपरिक पशुपालन प्रणालियों का आधुनिकीकरण करना और देशी नस्लों का संरक्षण करना है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में भेड़ और बकरी पालक चरवाहों की बड़ी संख्या है और सरकार की इस योजना से यह समुदाय सीधे तौर पर लाभान्वित होगा।

परियोजना के तहत उन्नत भेड़ एवं बकरी पालन प्रथाओं पर आधारित फार्मों की स्थापना कर नस्ल सुधार को व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। उत्पादकता और आर्थिक सुदृढ़ता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों जैसे पशुधन का डिजिटल पंजीकरण, क्रॉस-ब्रीडिंग, अनुवांशिक सुधार कार्यक्रम, कृत्रिम गर्भाधान तथा मोबाइल पशु चिकित्सा सेवाओं को शामिल किया जाएगा।

स्थानीय नस्लों—गद्दी भेड़ व बकरियां, रामपुर बुशहरी भेड़ और चेगु बकरियों—के संरक्षण, संवर्धन और सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि उनकी अनुवांशिक विविधता और हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति उनकी प्राकृतिक अनुकूलता बनी रहे।

बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ऊन, बकरी का दूध, मक्खन और मांस जैसे पशुपालन उत्पादों के विपणन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करेगी। इसमें ऊन की गुणवत्ता प्रमाणन प्रणाली, विपणन और प्रचार-प्रसार तंत्र को मजबूत करना शामिल है, ताकि पशुपालकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके।

नीति के अंतर्गत वित्तीय प्रोत्साहन, बीमा कवरेज और सामाजिक सुरक्षा उपायों को भी शामिल किया गया है, जिसमें संवेदनशील सीमा क्षेत्रों के पशुपालकों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालकों, ब्रीडरों और युवाओं को लक्षित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों और विस्तार सेवाओं के माध्यम से सशक्त किया जाएगा।

परियोजना के अंतर्गत एक प्रमुख डिजिटल पहल ‘भेड़-बकरी ओनर्स डिजिटल हर्ड आइडेंटिफिकेशन’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत वेब प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से सटीक ब्रीडर प्रोफाइलिंग, पशुधन स्वामित्व रिकॉर्ड और प्रवासी मार्गों का मानचित्रण किया जाएगा।

इस परियोजना में अनुवांशिक-आधारित पशुपालन प्रणाली को अपनाया जाएगा, जिसमें राज्य की लगभग 6.4 लाख भेड़ों की प्रवासी और स्थायी आबादी को सुदृढ़ करने के लिए डुअल ब्रीडिंग रणनीति लागू की जाएगी। इसके तहत विशेष रूप से गद्दी भेड़ों के साथ मेरिनो और रैम्बौइलेट नस्लों के साथ क्रॉस-ब्रीडिंग की जाएगी।

पशुपालकों के सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग को गद्दी समुदाय के पारंपरिक चरागाह अधिकारों में किसी प्रकार का हस्तक्षेप न करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार आगामी राज्य बजट में ऊन के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि पर गंभीरता से विचार कर रही है, ताकि पशुपालकों को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में पशुपालकों की आजीविका को सुरक्षित करना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और राज्य के उच्च-ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें