मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पालमपुर में दर्दनाक हादसा: बिजली ठीक करने खंभे पर चढ़ा लाइनमैन, 'सिस्टम' की लापरवाही ने ली जान

सार

विद्युत उपमंडल विंद्रावन में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा पेश आया है।

अपडेट: 2 मिनट
पालमपुर में दर्दनाक हादसा: बिजली ठीक करने खंभे पर चढ़ा लाइनमैन, 'सिस्टम' की लापरवाही ने ली जान

कांगड़ा।

विद्युत उपमंडल विंद्रावन में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा पेश आया है। यहाँ बिजली की टूटी तारों को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े 28 वर्षीय लाइनमैन मोहन लाल (मोनू) की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना में बिजली विभाग की एक बड़ी और अक्षम्य लापरवाही सामने आई है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

काम के बीच ही ऑन कर दी बिजली

जानकारी के अनुसार, रविवार रात आए भीषण तूफान के कारण विंद्रावन के जंगल में विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सोमवार सुबह मोहन लाल अपने अन्य साथियों के साथ मरम्मत कार्य के लिए वार्ड नंबर 7 के पास खंभे पर चढ़ा था।

मरम्मत के दौरान सुरक्षा के लिहाज से लाइन का शटडाउन (बिजली कट) लिया गया था। पाँच-छह कर्मचारी नीचे से तार खींच रहे थे और मोहन लाल खंभे पर काम कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बीच पीछे से किसी कर्मचारी ने बिना सूचना दिए बिजली की सप्लाई ऑन कर दी। नीचे खड़े कर्मचारियों को जैसे ही तार में करंट का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत तार छोड़ दी, लेकिन खंभे पर चढ़े मोहन लाल को संभलने का मौका नहीं मिला। वह बुरी तरह करंट की चपेट में आकर खंभे पर ही झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

कुछ माह पहले हुई थी शादी, उजड़ गया सिंदूर

मूल रूप से रानीताल के रहने वाले मोहन लाल की मौत की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। मृतक अभी मात्र 28 वर्ष का था और कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ पालमपुर में किराए के मकान में रहता था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जांच के घेरे में विभाग

इस हादसे ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब शटडाउन लिया गया था, तो लाइन को ऑन किसने और क्यों किया? पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति भारी रोष है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

इस खबर को शेयर करें