मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बाइक की हेडलाइट जलाकर परोसी गई शादी की 'धाम', अंधड़ के बाद बिजली संकट गहराया

सार

उपमंडल पालमपुर में रविवार रात आए विनाशकारी अंधड़ के बाद जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

2 मिनट
बाइक की हेडलाइट जलाकर परोसी गई शादी की 'धाम', अंधड़ के बाद बिजली संकट गहराया

कांगड़ा

उपमंडल पालमपुर में रविवार रात आए विनाशकारी अंधड़ के बाद जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 48 घंटों से क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण इलाके अंधेरे में डूबे हुए हैं।

बिजली न होने के कारण पैदा हुए संकट का सबसे हैरान करने वाला मंजर कंडबाड़ी के गदियाड़ा में देखने को मिला, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान लाइट न होने पर युवकों को अपनी बाइक और स्कूटी की हेडलाइट जलाकर मेहमानों को भोजन (धाम) परोसना पड़ा।

तकनीकी खामी और हादसे ने रोकी बहाली की रफ्तार

बिजली व्यवस्था बहाल न होने के पीछे केवल तकनीकी कारण ही नहीं, बल्कि एक दर्दनाक हादसा भी बड़ी वजह बना है। सोमवार को बिंद्राबन के फाटा में बिजली लाइनों को ठीक करते समय एक बिजली कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई।

इस घटना के बाद पुलिसिया जांच की प्रक्रिया और विभागीय औपचारिकता के कारण मरम्मत कार्य में काफी देरी हुई। मंगलवार शाम तक भी शहर को छोड़कर अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति जस की तस बनी रही।

पेड़ों के गिरने से बुनियादी ढांचा ध्वस्त, घरों में पसरा अंधेरा

स्थानीय निवासियों का कहना है कि तूफान के दौरान सड़क किनारे लगे दशकों पुराने पेड़ों के गिरने से बिजली के खंभे और तारें पूरी तरह टूट गई हैं। इस लंबे ब्लैकआउट का असर अब घरों पर भी दिखने लगा है लगातार दो दिनों तक बिजली गुल रहने से घरों में लगे इनवर्टर मंगलवार शाम तक बंद हो गए।

बिजली न होने से पानी की मोटरें नहीं चल पाईं, जिससे कई गांवों में पीने के पानी की किल्लत पैदा हो गई है। लोग अपने मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए उन दुकानों और घरों की ओर भागते देखे गए जहाँ वैकल्पिक बिजली की सुविधा उपलब्ध थी।

जनता में भारी रोष

इतने लंबे समय तक आपूर्ति बहाल न होने पर स्थानीय जनता में विद्युत बोर्ड के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बहाली का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे आम जनता को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

क्या कहता है विद्युत विभाग?

विद्युत बोर्ड पालमपुर के अधिशासी अभियंता अमित पटियाल ने स्थिति पर सफाई देते हुए कहा रविवार रात आए तूफान ने बिजली के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुँचाया है। कई स्थानों पर खंभे टूट गए हैं और भारी पेड़ों के गिरने से तारें बुरी तरह उलझ गई हैं।

बिजली बोर्ड के कर्मचारी युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटे हैं। हमारा लक्ष्य है कि मंगलवार देर रात तक अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी जाए।

इस खबर को शेयर करें