मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

शहीद पिता की विरासत को सलाम: पालमपुर की आभा बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

सार

हिमाचल प्रदेश की मिट्टी ने एक बार फिर देश को एक जांबाज सैन्य अधिकारी दिया है।

अपडेट: 2 मिनट
शहीद पिता की विरासत को सलाम: पालमपुर की आभा बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

पालमपुर

हिमाचल प्रदेश की मिट्टी ने एक बार फिर देश को एक जांबाज सैन्य अधिकारी दिया है। पालमपुर के ननाहर पंचायत की बेटी आभा ने मार्च 2026 में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), गया से अपना कठोर प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया है। आभा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

आभा के लिए सेना की वर्दी सिर्फ एक करियर नहीं, बल्कि अपने शहीद पिता की अधूरी हसरत और विरासत है। आभा के पिता, जीत सिंह, वर्ष 2003 में जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था।

उनके अदम्य साहस और वीरता के लिए मरणोपरांत उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। आज बेटी ने उसी वीरता को अपने कंधों पर सितारों के रूप में सजाया है।

आभा की यात्रा दृढ़ संकल्प की एक मिसाल है उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा क्रेसेंट पब्लिक स्कूल बनूरी, पालमपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने NIT हमीरपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की।

एनआईटी में पढ़ाई के दौरान वह NCC में सीनियर अंडर ऑफिसर रहीं, जहाँ से उनके सैन्य जीवन की नींव पड़ी। एनआईटी से पास आउट होने के बाद, आभा का चयन दिग्गज टेक कंपनी Oracle Corporation में हुआ। उन्होंने वहां एक महीने तक शानदार पैकेज पर नौकरी भी की, लेकिन सेना में जाने के जुनून के आगे उन्होंने कॉर्पोरेट की सुख-सुविधाओं को ठुकरा दिया।

आभा के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही पालमपुर और ननाहर पंचायत में जश्न का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आभा ने यह साबित कर दिया है कि यदि जज्बा सच्चा हो, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है। वह अब हिमाचल की उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं जो सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहती हैं।

"मेरे पिता की वर्दी और उनका बलिदान हमेशा मेरी प्रेरणा रहे। आज सेना का हिस्सा बनकर मुझे ऐसा महसूस हो रहा है जैसे मैंने उन्हें अपनी सच्ची श्रद्धांजलि दी है।" — लेफ्टिनेंट आभा

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें