प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर ने 30 से 35 हजार रुपये तक बढ़ी फीस वापस लेने की मांग की; कंगना रनौत के Gen Z बयान पर भी साधा निशाना।
हिमाचल प्रदेश वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन में विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में हुई बढ़ोतरी को लेकर छात्र संगठन NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले को छात्र हितों के खिलाफ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।
हमीरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सभी कोर्स की दाखिला फीस में भारी वृद्धि की है, जिससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
30 से 35 हजार रुपये तक बढ़ी फीस का आरोप
टोनी ठाकुर ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के प्रॉस्पेक्टस में पहले कम फीस दर्शाई गई थी, लेकिन बाद में फीस में करीब 30 से 35 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई।
उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि अचानक फीस बढ़ाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
NSUI प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फीस वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन करेगा।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो कुलपति का घेराव किया जाएगा और विश्वविद्यालय परिसर में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कंगना रनौत के Gen Z बयान पर प्रतिक्रिया
वहीं, मंडी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के Gen Z को लेकर दिए गए बयान पर भी टोनी ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सांसद को युवाओं के बारे में इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
टोनी ठाकुर ने कहा कि कंगना रनौत आए दिन बयानबाजी करती रहती हैं, जिनका कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube