ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने और पंचायतों की प्राथमिकताओं को समझने के उद्देश्य से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने विकास खंड ऊना के अंतर्गत आने वाली 23 ग्राम पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों के साथ विशेष संवाद किया।
जिला मुख्यालय स्थित जिला विकास अभिकरण सभागार में आयोजित बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी आवश्यकताओं, लंबित कार्यों और जनसमस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
बैठक में विधायक निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
पंचायत प्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, नालियों, सामुदायिक भवनों, बिजली, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे विधायक के सामने रखे।
पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण: विधायक
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि हाल ही में निर्वाचित हुए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका गांवों के विकास में बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों की प्रक्रिया और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर सकें।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को तेजी देने के लिए प्रतिनिधियों को समय-समय पर प्रशिक्षण भी उपलब्ध करवाया जाना चाहिए।
समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
विधायक ने कहा कि बैठक के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है।
उन्होंने बताया कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन्हें संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द हल करवाया जाएगा। वहीं, राज्य सरकार से जुड़े मामलों को सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।
पारदर्शिता और जनसहभागिता पर जोर
विवेक शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और गांवों का संतुलित एवं समग्र विकास करना है।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे और क्षेत्र के विकास कार्यों में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube