शिमला, 11 जून 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को हिमाचल प्रदेश में तीन अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्गों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह निर्णय प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास, बेहतर रखरखाव और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब तक इन राजमार्गों का संचालन हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किया जा रहा था। नई व्यवस्था के तहत NHAI इन मार्गों के संचालन, रखरखाव और विकास कार्यों की जिम्मेदारी संभालेगा।
वर्तमान में NHAI प्रदेश में परवाणू-शिमला, पिंजौर-बद्दी-नालागढ़, किरतपुर-मनाली, शिमला-मटौर तथा पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्गों का संचालन कर रहा है। अब इसके दायरे में तीन और महत्वपूर्ण राजमार्ग खंड शामिल हो गए हैं।
NHAI को सौंपे गए नए राष्ट्रीय राजमार्ग
1. NH-503
2. NH-154A
3. NH-907
अधिकारियों के अनुसार, इन राष्ट्रीय राजमार्गों के NHAI के अधीन आने से सड़कों के उन्नयन, रखरखाव और यातायात प्रबंधन में सुधार होगा। साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्रीय संपर्कता भी मजबूत होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सड़क अवसंरचना से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। NHAI ने कहा है कि वह नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।