धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला वन मंडल के तहत आने वाले सेरा थाना बीट नरवाना में एक 'इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड' (भारतीय गोह) के शिकार का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। वन्यजीव की हंटिंग की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
हालांकि, विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी शिकारी वहां से भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विभाग ने जाल बिछा दिया है।
गुप्त सूचना पर घर की तलाशी में मिला मॉनिटर लिज़र्ड का मीट
डीएफओ (DFO) धर्मशाला अमित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग को सेरा थाना बीट नरवाना क्षेत्र में मॉनिटर लिज़र्ड के शिकार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी को चिन्हित (Identify) किया और उसके घर पर अचानक दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से मीट के रूप में इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड का मांस बरामद हुआ, जिसे विभाग ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
डीएफओ अमित शर्मा ने वन्यजीव कानून की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए बताया इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड 'भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972' (संशोधन 2022) के तहत शेड्यूल वन (Schedule I) का प्राणी है।
कानून के अंतर्गत इसे देश में वन्यजीवों को दी जाने वाली सर्वोच्च सुरक्षा (Highest Protection) प्राप्त है। इसी के चलते आरोपी के खिलाफ अधिनियम की धारा 9 और धारा 51 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस गंभीर अपराध के लिए दोषी को 3 से 7 वर्ष तक की कठोर कारावास (सजा) और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
हाथ में मृत लिज़र्ड पकड़े हुए वीडियो हुआ वायरल
इस पूरे शिकार मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिकारी ने अपने हाथ में मरे हुए इंडियन मॉनिटर लिज़र्ड को पकड़ा हुआ है। वीडियो के आधार पर ही वन विभाग की टीम मुख्य स्पॉट पर आरोपी को रंगे हाथों दबोचने गई थी, लेकिन भनक लगते ही वह वहां से फरार होने में कामयाब रहा।
आरोपी सर्विलेंस पर, जल्द होगी गिरफ्तारी
वन विभाग के अनुसार, फरार शिकारी को विभाग की सर्विलेंस टीम की निगरानी पर रखा गया है और उसके संभावित ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं। डीएफओ धर्मशाला ने स्पष्ट किया कि आरोपी की पहचान पूरी तरह पुख्ता हो चुकी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, जिसके बाद ही आगामी कानूनी कार्रवाई को पूरी तरह अमल में लाया जाएगा।