बिलासपुर/श्री नैना देवी जी
हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बुधवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया। दिल्ली से आए श्रद्धालुओं की एक टेंपो ट्रेवलर गाड़ी कोला वाला टोबा के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, जिसे माता रानी का चमत्कार माना जा रहा है।
अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दरबार में शीश नवाने के बाद वापस दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी संनटीना यात्री निवास के पास पहुंची, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे जा गिरा। गाड़ी पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
15 यात्री थे सवार, बच्चों की भी बची जान
पुलिस थाना कोट के प्रभारी हरनाम सिंह ने अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया गाड़ी में कुल 15 श्रद्धालु सवार थे। यात्रियों में तीन से चार छोटे बच्चे भी शामिल थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में चल रहा उपचार
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत समीपवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। हालांकि कुछ श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, लेकिन सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा
इन दिनों माता के दरबार में देश के कोने-कोने से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी और संकरे रास्तों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें ताकि इस तरह के हादसों को टाला जा सके।