नूरपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा जिले के नूरपुर स्थित प्रसिद्ध नागनी माता मेले में चेन स्नेचिंग के संदेह में दो महिलाओं की सार्वजनिक पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति दो महिलाओं की पिटाई करता दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों महिलाओं पर मेले में आई एक महिला की सोने की चेन छीनने का संदेह था।
लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और दावा किया कि उनमें से एक के पास से कटर भी बरामद हुआ। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों, विशेषकर महिलाओं ने इसकी आलोचना की। उनका कहना है कि यदि किसी पर चोरी का संदेह था तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था, न कि सार्वजनिक रूप से मारपीट की जानी चाहिए थी।
वहीं कुछ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि श्रावण और भाद्रपद के मेलों में चेन स्नेचिंग करने वाला महिलाओं का एक गिरोह सक्रिय रहता है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच साइबर सेल कर रही है तथा स्थानीय पुलिस को मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि चोरी की घटना हुई है तो उसकी जांच और दोष तय करना पुलिस और न्यायालय का कार्य है। किसी भी व्यक्ति को संदेह के आधार पर किसी को सजा देने का अधिकार नहीं है। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Keywords (English): Nagni Mata Fair, Nurpur News, Kangra News, Viral Video, Chain Snatching, Women Assault, Himachal Police, Ilma Afroz, BNS, Himachal News
follow us on facebook
subscribe to us on youtube