मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

धर्मशाला पहुंची 'मुंबई पलटन': रोहित शर्मा की झलक पाने को उमड़ी प्रशंसकों की भारी भीड़

सार

हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल (IPL) का रोमांच चरम पर है।

2 मिनट
धर्मशाला पहुंची 'मुंबई पलटन': रोहित शर्मा की झलक पाने को उमड़ी प्रशंसकों की भारी भीड़

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल (IPL) का रोमांच चरम पर है। 14 मई को होने वाले मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस (MI) की टीम मंगलवार दोपहर कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंच गई। चंडीगढ़ से एलायंस एयर के विशेष विमान से उतरी टीम का अधिकारियों और प्रशंसकों ने जोरदार स्वागत किया।

'हिटमैन' के लिए क्रेज, सुरक्षा के बीच होटल रवाना

जैसे ही 'हिटमैन' रोहित शर्मा एयरपोर्ट से बाहर निकले, प्रशंसकों का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। पूरा परिसर 'रोहित-रोहित' के नारों से गूंज उठा। प्रशंसकों की भारी भीड़ और सुरक्षा कारणों के चलते रोहित शर्मा ने किसी के साथ फोटो नहीं खिंचवाई और न ही ऑटोग्राफ दिए।

वे सीधे लग्जरी वाहन में सवार होकर धर्मशाला स्थित होटल रेडिसन के लिए रवाना हो गए। टीम के अन्य सितारों जैसे तिलक वर्मा, नमन धीर और दीपक चाहर ने अपने फैंस को निराश नहीं किया। उन्होंने कई प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दिए और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

14 मई को पंजाब किंग्स से भिड़ंत

मुंबई इंडियंस की टीम 14 मई को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैदान में उतरेगी। हालांकि मुंबई की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन धर्मशाला के मैदान पर अपनी पसंदीदा टीम और रोहित शर्मा को खेलते देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम हुई रवाना

मुंबई टीम के आने से कुछ समय पहले अक्षर पटेल की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। एयरपोर्ट पर केएल राहुल ने भी प्रशंसकों के साथ समय बिताया, उन्हें ऑटोग्राफ दिए और फोटो खिंचवाए। इसके बाद दिल्ली की पूरी टीम एलायंस एयर के विमान से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

पर्यटन और खेल का संगम

धर्मशाला में आईपीएल मैचों के आयोजन से न केवल खेल प्रेमियों को मौका मिल रहा है, बल्कि इससे कांगड़ा घाटी के पर्यटन कारोबार को भी भारी उछाल मिला है। टीम के पहुंचने के साथ ही शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी बढ़ गई है और स्थानीय बाजारों में रौनक लौट आई है।

इस खबर को शेयर करें