मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में दर्दनाक हादसा: 5 महीने के मासूम को सुलाकर फंदे से झूली 19 वर्षीय विवाहिता, पति और सास गिरफ्तार

सार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के तहत उपमंडल सुंदरनगर के डैहर में एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है।

2 मिनट
मंडी में दर्दनाक हादसा: 5 महीने के मासूम को सुलाकर फंदे से झूली 19 वर्षीय विवाहिता, पति और सास गिरफ्तार

डैहर (सुंदरनगर)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के तहत उपमंडल सुंदरनगर के डैहर में एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहाँ सकरोहा क्षेत्र में एक 19 वर्षीय विवाहिता ने अपने महज पांच महीने के मासूम बच्चे को कमरे में सुलाने के बाद दूसरे कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शव के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान प्रियंका (19) पत्नी रवि कुमार निवासी सकरोहा, सुंदरनगर के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका ने करीब डेढ़ साल पहले रवि कुमार के साथ प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था।

प्रियंका अपने पति और सास निर्मला देवी के साथ सकरोहा में एक किराये के मकान में रह रही थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे उसने अपने पांच माह के बच्चे को दूध पिलाकर एक कमरे में सुलाया और खुद दूसरे कमरे में जाकर मौत को गले लगा लिया। घटना के वक्त उसका पति रवि अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था और सास निर्मला देवी दुकान पर थीं।

हादसे का खुलासा तब हुआ जब सास निर्मला देवी दुकान से वापस घर लौटीं। उन्होंने प्रियंका के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज देने और खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका में मकान मालिक और आस-पास के पड़ोसियों को सूचित किया।

स्थानीय लोगों ने जब कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। प्रियंका कमरे में फंदे से लटकी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे कमरे में उसका पांच महीने का बच्चा बेखबर सो रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी (DSP) सुंदरनगर भारत भूषण और थाना प्रभारी कमलकांत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बेटी की मौत की खबर मिलते ही प्रियंका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए।

रोते-बिलखते परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पति रवि और सास निर्मला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घर में बच्चे की देखभाल करने वाला कोई न होने के कारण पुलिस ने पांच महीने के मासूम को सुरक्षित 'चाइल्ड शेल्टर होम' मंडी भेज दिया है।

इस खबर को शेयर करें