मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

छात्रा की गुहार पर नहीं जागा प्रशासन, 80 ग्रामीणों ने श्रमदान से बना दिया लकड़ी का पुल

सार

मंडी की चिऊणी पंचायत के घ्यार गांव में एक छात्रा की अपील के बाद 80 ग्रामीणों ने श्रमदान कर नाले पर अस्थायी लकड़ी का पुल बना दिया। अब बच्चे और ग्रामीण इसी पुल से आवाजाही कर रहे हैं।

2 मिनट
छात्रा की गुहार पर नहीं जागा प्रशासन, 80 ग्राम�ीणों ने श्रमदान से बना दिया लकड़ी का पुल

मंडी के घ्यार गांव में बच्चों की राह आसान करने के लिए ग्रामीणों की पहल, बरसात में नाला पार करना बना था जान जोखिम का सफर

जिला मंडी की चिऊणी पंचायत के घ्यार गांव में एक छात्रा की भावनात्मक अपील के बाद ग्रामीणों ने खुद ही समस्या का समाधान निकाल लिया। प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो तीन गांवों के करीब 80 लोगों ने श्रमदान कर सुमोडा गाड नाले पर लकड़ी का अस्थायी पुल बना दिया।

दरअसल, 11वीं कक्षा की छात्रा कनिका ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो जारी कर प्रशासन और सरकार से अपील की थी कि बरसात के मौसम में नाला उफान पर होने के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। उसने कहा था कि छोटे बच्चों के लिए बिना पुल के नाला पार करना बेहद मुश्किल और खतरनाक है।

छात्रा की अपील से ग्रामीणों में जागी उम्मीद

कनिका की अपील प्रशासन तक तो पहुंची, लेकिन तत्काल कोई समाधान नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद आगे बढ़कर नाले पर पुल बनाने का निर्णय लिया।

घ्यार, लैंद और बुराहड़ा गांव के करीब 80 ग्रामीणों ने सोमवार और मंगलवार को श्रमदान किया और लकड़ी से अस्थायी पुल तैयार कर दिया। अब इसी पुल के माध्यम से बच्चे स्कूल जा रहे हैं और ग्रामीण भी अपने रोजमर्रा के काम के लिए आवाजाही कर रहे हैं।

पहले भी हो चुका है हादसा

सराज विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज पंचायत चिऊणी के इन गांवों में करीब 500 लोग लंबे समय से पुल की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात के दौरान ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार, पहले एक व्यक्ति गोविंद की नाले में बहने से मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद स्थायी पुल का निर्माण नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने की स्थायी पुल बनाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी लकड़ी के पुल से फिलहाल राहत मिली है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द यहां स्थायी पुल बनाने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें