मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जाहलमा नाले में बाढ़ के बीच देवदूत बनी बीआरओ की मशीन, बकेट में बिठाकर पार कराई बीमार महिला की जान

सार

हिमाचल प्रदेश के लाहौल घाटी में स्थित जाहलमा नाले का जलस्तर बुधवार शाम को अचानक बढ़ने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।

अपडेट: 2 मिनट
जाहलमा नाले में बाढ़ के बीच देवदूत बनी बीआरओ की मशीन, बकेट में बिठाकर पार कराई बीमार महिला की जान

हिमाचल प्रदेश के लाहौल घाटी में स्थित जाहलमा नाले का जलस्तर बुधवार शाम को अचानक बढ़ने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को अस्थायी सड़क के आरसीसी पाइप और पैदल चलने के लिए लगाए गए गार्डर तुरंत हटाने पड़े। इसके चलते नाले के दोनों ओर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इस मुश्किल घड़ी में बीआरओ की एक एलएनटी (L&T) मशीन एक गंभीर मरीज के लिए संकटमोचक साबित हुई।

दरअसल, शैनूर गांव की रहने वाली शांति देवी सिविल अस्पताल उदयपुर में उपचाराधीन थीं। उनकी छाती में संक्रमण और सांस लेने में भारी तकलीफ को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रेफर कर दिया था।

लेकिन जैसे ही एंबुलेंस जाहलमा नाले के पास पहुंची, तो वहां उफनता हुआ पानी देखकर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। मरीज की नाजुक हालत और समय की गंभीरता को समझते हुए बीआरओ के जांबाज कर्मचारी तुरंत आगे आए और उन्होंने रेस्क्यू का एक अनोखा तरीका निकाला।

बीआरओ के कर्मचारियों ने बेहद सावधानी बरतते हुए बीमार महिला को एलएनटी मशीन के बकेट (अग्रभाग) में सुरक्षित बैठाया और उफनते हुए नाले के पार पहुंचाया। नाले के दूसरी तरफ एंबुलेंस पहले से ही तैयार खड़ी थी, जिसमें महिला को तुरंत शिफ्ट कर कुल्लू के लिए रवाना कर दिया गया।

उदयपुर अस्पताल के डॉ. हिमेश ठाकुर ने बताया कि महिला की स्थिति काफी गंभीर थी और समय पर कुल्लू पहुंचना बेहद जरूरी था। बीआरओ की इस तत्परता और सूझबूझ की स्थानीय लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें