मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कुमारसैन के बारूबाग में एनएच-5 पर पुलिस की दबिश: 9 ग्राम चिट्टे के साथ बिलासपुर और रामपुर के तीन युवक गिरफ्तार

सार

नेशनल हाईवे-5 पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुमारसैन पुलिस ने बारूबाग के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

2 मिनट
कुमारसैन के बारूबाग में एनएच-5 पर पुलिस की दबिश: 9 ग्राम चिट्टे के साथ बिलासपुर और रामपुर के तीन युवक गिरफ्तार

शिमला।

नेशनल हाईवे-5 पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुमारसैन पुलिस ने बारूबाग के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनिवार को गश्त के दौरान पुलिस की डिटेक्शन टीम ने एक संदिग्ध कार को तलाशी के लिए रोका, जिसमें सवार तीन युवकों से 9 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सील कर दिया गया है।

तलाशी के दौरान घबराए युवक, हुई बरामदगी

पुलिस के अनुसार, जब बारूबाग क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान कार को रोका गया, तो उसमें सवार युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गए। उनके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए जब कार और उनकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई, तो उनके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार (33) निवासी बिलासपुर, रोहित चौहान (31) निवासी रामपुर और तुषार वर्मा (25) निवासी रामपुर के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू

कुमारसैन पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शिमला, गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहाँ से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की जीरो-टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।

इस खबर को शेयर करें