मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में भारी बारिश के बीच कुल्लू में आज सभी शिक्षण संस्थान बंद, बोर्ड परीक्षाएं रहेंगी जारी

सार

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच कुल्लू उपमंडल में 11 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेज बंद रहेंगे। हालांकि, बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

3 मिनट
हिमाचल में भारी बारिश के बीच कुल्लू में आज सभी शिक्षण संस्थान बंद, बोर्ड परीक्षाएं रहेंगी जारी

कुल्लू प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला, कांगड़ा-मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच कुल्लू उपमंडल प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 11 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

कुल्लू के एसडीएम डॉ. जैवंती की ओर से जारी आदेश के अनुसार उपमंडल के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेज बंद रहेंगे। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं को इन आदेशों से बाहर रखा गया है और परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

प्रशासन ने यह फैसला भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लिया है। आदेश के मुताबिक 10 अगस्त से कुल्लू उपमंडल के लगभग पूरे क्षेत्र में बारिश हो रही है।

इस दौरान कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में परेशानी के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है।

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 11 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कांगड़ा और मंडी में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सिरमौर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने 10 से 16 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। 12 और 13 अगस्त को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। वहीं 14, 15 और 16 अगस्त को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा

भारी बारिश के कारण प्रदेश के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा खिसकने और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। बारिश के कारण नदी-नालों और अन्य जल निकायों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के साथ सड़कें फिसलन भरी होने से यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही नदी-नालों और जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

कुल्लू में 14 अगस्त को भी भारी बारिश का अनुमान

कुल्लू जिले में 11 से 13 अगस्त तक किसी विशेष चेतावनी का उल्लेख नहीं है, लेकिन 14 अगस्त को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिले में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।

प्रशासन के आदेश के अनुसार 11 अगस्त को कुल्लू उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। हालांकि, बोर्ड परीक्षाएं पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें