मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

खरड़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: उद्योगपति के बेटे-बहू समेत समाजसेवी की मौत

सार

पंजाब के खरड़ के समीप मोहाली-खरड़ हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मैहतपुर के उद्योगपति के बेटे और बहू समेत एक समाजसेवी की मौत हो गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से ऊना जिले में शोक की लहर है।

अपडेट: 2 मिनट
खरड़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: उद्योगपति के बेटे-बहू समेत समाजसेवी की मौत

शादी समारोह से लौटते समय कार हादसे का शिकार, नवविवाहित दंपती सहित तीन लोगों की गई जान; ऊना में शोक की लहर

ऊना: पंजाब के खरड़ के समीप मोहाली-खरड़ हाईवे पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में मैहतपुर के उद्योगपति के बेटे और उनकी पत्नी सहित एक समाजसेवी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मैहतपुर कस्बे और देहलां गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मैहतपुर के उद्योगपति शम्मी जैन के पुत्र प्रत्यूष जैन (27) उर्फ काकू, उनकी पत्नी हर्षिता जैन तथा देहलां गांव निवासी समाजसेवी, अधिवक्ता एवं आश्रय संस्था के संस्थापक सुरेश एरी एक शादी समारोह में शामिल होकर मैहतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहाली-खरड़ हाईवे पर उनकी कार की एक अन्य वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में हर्षिता जैन और सुरेश एरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष जैन को स्थानीय लोगों की मदद से कार से निकालकर पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था। हालांकि उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि प्रत्यूष जैन का विवाह इसी वर्ष अप्रैल में हुआ था। वह करीब छह महीने पहले ही कनाडा से भारत लौटे थे। वहीं सुरेश एरी ऊना जिला न्यायालय में अधिवक्ता होने के साथ-साथ विशेष बच्चों के लिए कार्य करने वाली आश्रय संस्था के संस्थापक थे। सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के कारण उन्हें जिले में व्यापक सम्मान प्राप्त था।

इस दुखद हादसे पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Kharar Highway Accident, Una News, Punjab Road Accident, Pratyush Jain, Harshita Jain, Suresh Aeri, Mohali Kharar Highway, Himachal Pradesh News, Una Accident News, Road Accident Punjab, Ashray Foundation, PGI Chandigarh, Breaking News Himachal, Mehatpur News

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें