डेढ़ साल बाद भी ट्रामा सेंटर नहीं हुआ संचालित, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीनें बंद; भाजपा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
खनेरी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था को लेकर भाजपा ने अस्पताल परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। डेढ़ वर्ष पहले उद्घाटन किए गए ट्रामा सेंटर के अब तक शुरू नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए गए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि खनेरी अस्पताल चार जिलों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, लेकिन वर्तमान में अस्पताल खुद अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अस्पताल में एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण मरीजों को जांच के लिए निजी संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
धरने का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता कौल सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं जनता की मूल जरूरत हैं और इन्हें लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को व्यवस्थाएं सुधारने के लिए जागरूक कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को पीने के पानी, पंखों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना के दौरान भी अस्पताल की व्यवस्थाओं की कमी सामने आई।
जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
भाजपा ने प्रदेश सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही खनेरी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो भाजपा बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
धरने के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) से मुलाकात की और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग रखी। भाजपा नेताओं ने अस्पताल की स्थिति को लेकर एमएस से जवाब मांगा और उनके कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान, महामंत्री दिनेश खमराल, जिला परिषद सदस्य रानु खुंद, सुषमा मखैक, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube