नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रचित साहनी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 10 से 12 यूनिट रक्त की जरूरत पूरी करने का प्रयास, भविष्य में स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों की योजना
खत्री युवा संघ सोलन ने समाज सेवा की दिशा में पहला कदम बढ़ाते हुए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। संगठन के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रचित साहनी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।
रचित साहनी ने बताया कि हाल ही में उन्हें खत्री युवा संघ हिमाचल प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पदभार संभालने के बाद संगठन ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया।
अस्पताल में रक्त की जरूरत को पूरा करने का प्रयास
रचित साहनी ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में करीब 10 से 12 यूनिट रक्त की आवश्यकता थी। इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन के सदस्यों और युवाओं ने आगे आकर रक्तदान किया।
उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और समाज हित में किए गए ऐसे कार्य लोगों को प्रेरणा देते हैं।
समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करेगा संगठन
खत्री युवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन केवल एक संस्था नहीं बल्कि समाज सेवा के लिए समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी भी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ना नहीं है। संघ पूरी तरह निस्वार्थ भाव से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करेगा।
युवाओं के उत्साह की सराहना
रचित साहनी ने बताया कि खराब मौसम और कम समय में सूचना मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में युवा रक्तदान के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवाओं का यह समर्पण समाज सेवा के लिए सकारात्मक संदेश है।
उन्होंने रक्तदाताओं, सहयोगियों और क्षेत्रीय अस्पताल प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में भी खत्री युवा संघ इसी तरह जनहित के कार्य करता रहेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube