हेलीकॉप्टर सेवा बाधित होने पर पैदल पहुंची रेस्क्यू टीम, स्ट्रेचर पर लाकर मेडिकल कॉलेज चंबा में कराया भर्ती
कांगड़ा जिले के दुर्गम और दूरस्थ बड़ा भंगाल क्षेत्र में गंभीर रूप से बीमार एक व्यक्ति को भरमौर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम ने कठिन परिस्थितियों में सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
खराब मौसम के कारण नहीं मिल सकी हेलीकॉप्टर सेवा
खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद एडीएम भरमौर विकास शर्मा के निर्देश पर पर्वतारोहण अनुदेशक पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय विशेष रेस्क्यू दल का गठन किया गया।
जोखिम भरे रास्तों से पैदल पहुंची टीम
18 जुलाई को भरमौर से रवाना हुई रेस्क्यू टीम ने दुर्गम और जोखिमपूर्ण पहाड़ी रास्तों को पार करते हुए उसी रात मरीज तक पहुंच बनाई।
19 जुलाई की सुबह मरीज को स्ट्रेचर पर रखकर पैदल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की कठिन मशक्कत के बाद टीम रविवार रात करीब 11 बजे मरीज को धराड़ी तक लेकर पहुंची।
धराड़ी पहुंचने के बाद मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उपायुक्त ने रेस्क्यू टीम की सराहना की
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने सफल रेस्क्यू अभियान पर टीम के साहस, समर्पण और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टीम ने जिस तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया, वह प्रशंसनीय है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube