भाजपा नेता जय सिंह की अगुवाई में किसानों ने उठाई खाद की मांग, जल्द आपूर्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
महत्वाकांक्षी जिला चम्बा में यूरिया खाद की भारी कमी के कारण मक्की की फसल प्रभावित हो रही है। फसल की ग्रोथ रुकने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इस समस्या को लेकर भाजपा नेता जय सिंह की अगुवाई में किसानों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
समय पर खाद नहीं मिली तो बढ़ेगा संकट
प्रदर्शन के दौरान जय सिंह ने कहा कि चुराह, तीसा और चम्बा क्षेत्र के हजारों किसानों की आजीविका मक्की की खेती पर निर्भर है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हुई तो फसल बर्बाद हो सकती है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
बारिश के कारण पहले ही हुई देरी
किसानों ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले मक्की की फसल में यूरिया डालना जरूरी होता है। खाद नहीं मिलने के कारण पौधों की बढ़त प्रभावित हो रही है और कई जगह फसल पीली पड़ने लगी है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष बारिश के कारण मक्की की बिजाई पहले ही प्रभावित हुई है, अब यूरिया संकट ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
हर साल 400 से 500 ट्रक यूरिया की जरूरत
किसानों का कहना है कि चम्बा जिले में हर वर्ष करीब 400 से 500 ट्रक यूरिया खाद की आवश्यकता होती है, लेकिन इस बार पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कुछ क्षेत्रों में खाद भेजी गई है, लेकिन वह किसानों की जरूरत के मुकाबले काफी कम है।
मिंजर मेले से जुड़ी है मक्की की परंपरा
भाजपा नेता जय सिंह ने कहा कि चम्बा का प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला भी मक्की की फसल से जुड़ी परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों को समय पर खाद नहीं मिली तो मक्की की फसल प्रभावित होगी, जिसका असर जिले की पारंपरिक संस्कृति और किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ेगा।
मुख्यमंत्री के घेराव की चेतावनी
किसानों ने सरकार से जिले में यूरिया की आपूर्ति तत्काल बढ़ाने की मांग की है।
जय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी मिंजर मेले के दौरान चम्बा पहुंचने पर मुख्यमंत्री का घेराव किया जाएगा।
इस संबंध में किसानों ने एडीसी चम्बा के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र भी भेजा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube