प्रभावित परिवारों से मिले, अधिकारियों को दिए सड़क बहाली और सुरक्षा उपाय तेज करने के निर्देश
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
विधायक देर रात शिमला से धर्मशाला पहुंचे और सुबह होते ही प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय नजर आए। उन्होंने सुधेड़ क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित संपर्क मार्गों और डेंजर जोन में आए मकानों का निरीक्षण किया।
सूचना मिलते ही शिमला से लौटे विधायक
जानकारी के अनुसार, विधायक केवल सिंह पठानिया शिमला में एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उन्हें सुधेड़ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की सूचना मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने उसी शाम अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना होने का निर्णय लिया। देर रात धर्मशाला पहुंचने के बाद उन्होंने सुबह सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
प्रभावित परिवारों से मिले, सुनी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान विधायक ने भूस्खलन प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित संपर्क मार्गों को जल्द से जल्द बहाल किया जाए और राहत कार्यों में तेजी लाई जाए।
इसके अलावा संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
क्षेत्र का दौरा करने के बाद विधायक ने धर्मशाला स्थित विद्युत विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में बारिश से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया गया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, मुख्य अभियंता विद्युत अजय गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीर दियोलिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय ठाकुर, तहसीलदार धर्मशाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सुधेड़ के जनप्रतिनिधि
मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube