चौरा में साढ़े तीन घंटे बाद बहाल हुआ मार्ग, नाथपा में मलबा हटाने का काम जारी; प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की
जनजातीय जिला किन्नौर में लगातार हो रही बारिश के चलते शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर दो अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण यातायात बाधित हो गया। बारिश के बीच अचानक हुए भूस्खलन से सड़क पर मलबा और भारी पत्थर आ गए, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, चौरा के समीप पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने के कारण एनएच-5 पूरी तरह बंद हो गया था। मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची और सड़क बहाली का कार्य शुरू किया।
एनएचएआई कर्मचारियों ने करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से मलबा और बड़ी चट्टानों को हटाकर मार्ग को दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। मार्ग बहाल होने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं, नाथपा के समीप भी पहाड़ी से मलबा आने के कारण एनएच-5 प्रभावित हुआ। संबंधित विभाग और एजेंसियां मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और सड़क खोलने के कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े दस बजे तक मार्ग बहाल होने की संभावना जताई गई थी।
फिलहाल नाथपा क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से वाहनों की आवाजाही जारी है, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सड़क की स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम एवं सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक जोखिम न लेने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube