किहार क्षेत्र में भेड़-बकरियां चराने गई थी शबनम, पुलिस, आईटीबीपी और अग्निशमन विभाग ने चलाया सर्च अभियान
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के किहार क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सियुल नदी के तेज बहाव में बहने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान शबनम पुत्री गुलाम नबी निवासी किहार क्षेत्र के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शबनम रोजमर्रा की तरह भेड़-बकरियां चराने के लिए नदी किनारे गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर सियुल नदी के तेज बहाव में जा गिरी। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते पानी में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग, आईटीबीपी के जवान, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवती की तलाश के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।
पूरी रात चला सर्च ऑपरेशन
किहार थाना प्रभारी जगवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अन्य बचाव दलों के साथ मिलकर पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में युवती की तलाश की गई, लेकिन रातभर कोई सफलता नहीं मिल सकी।
शुक्रवार सुबह बचाव दल को सफलता मिली और जालडी के पास सियुल नदी से युवती का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा पैर फिसलने के कारण होना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दुखद घटना के बाद किहार क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube