आग की चपेट में आया पूरा फार्म, करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान; पुलिस ने शुरू की जांच
हिमाचल प्रदेश के धर्मपुर उपमंडल स्थित कुसरी गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया। यहां अचानक लगी आग से एक पोल्ट्री फार्म पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में फार्म के अंदर मौजूद करीब 150 से 200 बॉयलर मुर्गे जिंदा जल गए।
जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक पोल्ट्री फार्म में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि स्थानीय लोगों को मुर्गों और फार्म में रखे सामान को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने किया आग बुझाने का प्रयास
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने पानी और अन्य साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फार्म मालिक को करीब दो लाख रुपये का नुकसान
अग्निकांड में पोल्ट्री फार्म के अंदर रखा अन्य सामान, उपकरण और मुर्गे पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार फार्म मालिक कृष्ण चंद्र को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का पता विस्तृत जांच और आकलन के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से भी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube