मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कसौली दुष्कर्म मामला: भाजपा नेता बड़ौली पर आरोपों का मामला पहुंचा हाई कोर्ट, राज्य सरकार को नोटिस

सार

सोलन जिले के चर्चित कसौली दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आ गया है।

अपडेट: 2 मिनट
कसौली दुष्कर्म मामला: भाज�पा नेता बड़ौली पर आरोपों का मामला पहुंचा हाई कोर्ट, राज्य सरकार को नोटिस

शिमला।

सोलन जिले के चर्चित कसौली दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आ गया है। कसौली कोर्ट द्वारा मामले को दोबारा खोलने से इनकार करने के बाद अब पीड़िता ने हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

हाई कोर्ट ने इस याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए निचली अदालत से केस से जुड़े सभी अहम दस्तावेज और रिकॉर्ड तलब किए हैं। इसके साथ ही माननीय न्यायालय ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

हरियाणा भाजपा के नेता मोहन लाल बड़ौली पर हैं आरोप

यह मामला दिल्ली की एक महिला से जुड़ा है जो सोनीपत में नौकरी करती थी। महिला ने हरियाणा भाजपा के नेता मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल पर कसौली के एक होटल में सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, बड़ौली ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठ बताया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता ने 13 दिसंबर 2024 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई 2023 को वह अपनी एक सहेली और बॉस के साथ कसौली घूमने आई थी। इस दौरान उनकी मुलाकात मोहन लाल बड़ौली और रॉकी मित्तल से हुई।

आरोप है कि दोनों ने महिला को अपने कमरे में बुलाया और उसे नौकरी दिलाने व मॉडल बनाने का झांसा दिया। महिला का आरोप है कि वहां उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के करीब डेढ़ साल बाद इस मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज हुई थी।

पुलिस की कैंसिलेशन रिपोर्ट और निचली अदालत का रुख

मामले की जांच के बाद पुलिस को ठोस सबूत नहीं मिले, जिसके चलते पुलिस ने अदालत में कैंसिलेशन रिपोर्ट (मामला बंद करने की रिपोर्ट) दाखिल कर दी थी। कसौली कोर्ट में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के दो बार पेश न होने पर अदालत ने इस मामले को बंद (क्लोज) कर दिया था।

इसके बाद पीड़िता ने इस फैसले को जिला एवं सत्र न्यायालय सोलन में चुनौती दी। जिला कोर्ट ने मामले को पुनर्विचार के लिए वापस कसौली कोर्ट भेज दिया। हालांकि, कसौली कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव का हवाला देते हुए क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ दायर याचिका और केस को दोबारा खोलने की मांग को फिर से खारिज कर दिया था।

हाई कोर्ट से इंसाफ की आस

निचली अदालत से झटका लगने के बाद अब पीड़िता ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर मामले की निष्पक्ष जांच और केस को दोबारा शुरू करने की गुहार लगाई है। हाई कोर्ट द्वारा रिकॉर्ड तलब किए जाने और राज्य सरकार को नोटिस जारी होने के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल मामले पर कानूनी सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है।

इस खबर को शेयर करें