हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में लगातार बारिश और आपदा के कारण अब तक करीब 128 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग को हुआ है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि बरसात के दौरान जिले में कई क्षेत्रों में भारी नुकसान दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मानसून सीजन में जिले में 33 पक्के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि 39 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 39 मवेशियों की भी मौत या नुकसान की सूचना मिली है। घरों को सबसे अधिक नुकसान बोह वैली क्षेत्र में हुआ है।
बोह वैली प्रभावितों को मिलेगी विशेष सहायता
डीसी कांगड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बोह वैली का दौरा कर प्रभावित परिवारों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जहां भी बारिश से नुकसान हो रहा है, वहां एसडीएम और तहसीलदारों के माध्यम से प्रभावित लोगों को तुरंत राहत उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग को हुए नुकसान की भरपाई के लिए विभागों की मांग के आधार पर उपलब्ध संसाधनों के अनुसार धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
यलो अलर्ट के बीच प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग की ओर से जारी यलो अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। डीसी ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
बोह वैली में आपदा प्रभावित लोगों के लिए सरकारी स्कूल में बनाए गए राहत शिविर में मेडिकल कैंप भी लगाया गया। डीसी ने बताया कि एक स्थान पर अधिक लोगों के रहने के कारण सर्दी, खांसी और अन्य संक्रमण फैलने की संभावना रहती है, इसलिए प्रभावितों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
प्रभावित परिवारों को मिलेगा 5 हजार रुपये मासिक किराया
डीसी हेमराज बैरवा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि यदि कोई आपदा प्रभावित परिवार राहत शिविर के बजाय किराए के मकान में रहना चाहता है तो सरकार उसे हर महीने 5 हजार रुपये किराया सहायता देगी।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त के बाद स्कूल खुलने वाले हैं, ऐसे में प्रभावित परिवारों के लिए दीर्घकालिक पुनर्वास योजना तैयार की जाएगी। प्रभावित लोगों के राशन कार्ड बनवाए गए हैं और उन्हें एलपीजी सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि आपदा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए सभी विभागों को सक्रिय रखा गया है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube