टिहरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरा ट्रैक्टर, बलसीना निवासी मनीष कुमार ने मौके पर तोड़ा दम
झंडूता उपमंडल के पुलिस थाना तलाई के तहत ग्राम पंचायत डूडियां के गांव टिहरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में ट्रैक्टर के सड़क से नीचे ढांक में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष कुमार पुत्र राकेश कुमार, निवासी गांव बलसीना, डाकघर घंडीर, तहसील झंडूता के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे पुलिस थाना तलाई को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि एक ट्रैक्टर डूडियां से भडोलीकलां की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर टिहरी के पास पहुंचा, चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
इसके बाद ट्रैक्टर सड़क से नीचे ढांक में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर चालक मनीष कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube