मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का सफाया, मुख्यमंत्री सुक्खू की कुर्सी ख़तरे में : जयराम ठाकुर

सार

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव परिणाम आने के बाद सूबे की सियासत में उबाल आ गया है।

3 मिनट
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का सफाया, मुख्यमंत्री सुक्खू की कुर्सी ख़तरे में : जयराम ठाकुर

मंडी।

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव परिणाम आने के बाद सूबे की सियासत में उबाल आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार और कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए कहा है कि इस चुनाव में पूरे प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।

जयराम ठाकुर ने आंकड़ों के साथ तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह जिले में कांग्रेस की डूबती नैया को पार लगाने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं, तो वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी अपने विधानसभा क्षेत्र की गृह पंचायत तक में अपने चहेते नेताओं को जीत दिलाने में असफल साबित हुए हैं।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री की खराब परफॉर्मेंस से उनकी कुर्सी पूरी तरह हिल चुकी है और मंत्रियों व कांग्रेसी दिग्गजों के पैरों तले से जमीन खिसकने के कारण अब इस जनविरोधी सरकार की विदाई पूरी तरह तय नजर आ रही है।

'व्यवस्था परिवर्तन' के नाम पर प्रदेश को किया कंगाल, जनहित के संस्थान किए बंद

सरकार की नाकामियों को उजागर करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में इस सरकार ने 'व्यवस्था परिवर्तन' के खोखले नारे की आड़ में पूरी प्रशासनिक व्यवस्था को तार-तार कर दिया है।

सुक्खू सरकार ने अपने आर्थिक कुप्रबंधन से हिमाचल को कंगाली की कगार पर धकेल दिया है और विकास कार्यों को पूरी तरह ठप करके आम जनता पर भारी टैक्स का बोझ लाद दिया है।

जयराम ठाकुर ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार ने केवल अपने चुनिंदा मित्रों के घर भरने का काम किया है और सत्ता में आते ही जनहित व जनता की मांग पर खोले गए अनगिनत सरकारी संस्थानों को दुर्भावनापूर्ण तरीके से बंद कर दिया।

सरकार के इसी दमनकारी रवैये, प्रताड़ना और विकास विरोधी नीतियों से पीछा छुड़ाने के लिए खुद कांग्रेस के अपने विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना ही सबसे उचित समझा।

सराज में भाजपा की बंपर जीत; नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों संग नाटी डालकर मनाया जश्न

जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की एकतरफा बंपर जीत का आधिकारिक दावा पेश किया है। उन्होंने बताया कि सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत दूसरे चरण के चुनाव में भाजपा ने 26 में से 24 पंचायतों पर एकछत्र कब्जा जमाया है, जबकि प्रथम चरण में भी 28 में से 25 पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों

ने शानदार जीत दर्ज की थी। इस ऐतिहासिक जीत के बाद सराज की लेहथाच पंचायत सहित विभिन्न क्षेत्रों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधि ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए अपने विधायक जयराम ठाकुर से मिलने तांदी पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नवीन दायित्व की बधाई देते हुए उनके साथ पारंपरिक हिमाचली नाटी डालकर जीत का शानदार जश्न मनाया और आह्वान किया कि सभी प्रतिनिधि "विकसित ग्राम पंचायत से विकसित विधानसभा" के संकल्प को धरातल पर साकार करें।

इस खबर को शेयर करें