मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

प्रदेश की चार में से तीन नगर निगमों पर भाजपा ने शानदार जीत हासिल कर 'कमल' खिलाया : जयराम ठाकुर

सार

हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एकतरफा और भव्य जीत के बाद मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर एक विशाल विजय रैली का आयोजन किया गया।

3 मिनट
प्रदेश की चार में से तीन नगर निगमों पर भाजपा ने शानदार जीत हासिल कर 'कमल' खिलाया : जयराम ठाकुर

मंडी

हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एकतरफा और भव्य जीत के बाद मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर एक विशाल विजय रैली का आयोजन किया गया। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता ने झूठी गारंटियां देने

वाली कांग्रेस और झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पूरी तरह से नकार दिया है। जयराम ठाकुर ने सीधे तौर पर कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि साम-दाम-दंड-भेद और असंवैधानिक हथकंडे अपनाने के बावजूद मुख्यमंत्री का कोई प्रलोभन काम नहीं आया।

उन्होंने आक्रामक लहजे में कहा कि नगर निगमों में भाजपा को मिला यह प्रचंड बहुमत कांग्रेस सरकार के लिए स्पष्ट संदेश है कि अब 'कुर्सी छोड़ो और आराम करो', क्योंकि जनता ने साफ कर दिया है कि उसे सिर्फ “मोदी की गारंटी” पर ही भरोसा है।

रैली के बाद आयोजित एक अहम पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस के झूठे दावों की पोल खोली। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे पहले के चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हुए थे जिसके कारण कांग्रेस झूठी पीठ थपथपा रही थी, लेकिन अब जब नगर निगम के चुनाव सीधे पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़े गए,

तो जनता ने कांग्रेस को जमीन दिखा दी और चार में से तीन नगर निगमों पर भाजपा का 'कमल' खिलाया। जयराम ठाकुर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि न केवल शहरों में, बल्कि प्रदेशभर में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी लगभग 70 प्रतिशत जनप्रतिनिधि भाजपा समर्थित चुनकर आए हैं,

जो यह साबित करता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुक्खू सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोटरों को लुभाने और पार्षदों को पचास लाख से लेकर एक करोड़ रुपये तक में खरीदने के कुत्सित प्रयास किए, लेकिन जनता ने उनके इस प्रलोभन को सिरे से खारिज कर लोकतंत्र की गरिमा को बचाया है।

नेता प्रतिपक्ष ने जिला परिषद और बीडीसी (BDC) चुनावों में भी भाजपा को भारी जनसमर्थन मिलने का पूरा भरोसा जताते हुए इस प्रचंड जीत को विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की जीत बताया।

उन्होंने कांग्रेस सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि इस बार तो जनता ने सिर्फ स्थानीय निकायों में सबक सिखाया है, लेकिन आने वाले विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश की जनता यहाँ से कांग्रेस का राजनीतिक वजूद पूरी तरह समाप्त करके दम लेगी।

इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता और विजय रैली के दौरान नेता प्रतिपक्ष के साथ मंच पर एकजुटता दिखाते हुए मंडी के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, दरंग के विधायक पूर्ण चंद, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे,

जिन्होंने पूरे हिमाचल में भाजपा के इस विजय रथ को लगातार आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस खबर को शेयर करें