मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं वो फ़िर जनता को गुमराह करने के लिए दे रही झूठी गारंटियां : जयराम ठाकुर

सार

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को पालमपुर नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

3 मिनट
जिस पार्ट�ी की अपनी कोई गारंटी नहीं वो फ़िर जनता को गुमराह करने के लिए दे रही झूठी गारंटियां : जयराम ठाकुर

पालमपुर।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को पालमपुर नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की स्थिति आज ऐसी हो गई है जैसे प्रदेश को कोई अपरिपक्व छात्र नेता चला रहा हो। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विकास के बजाय 'समोसे' खो जाने पर पुलिस जांच बिठाने और सोशल मीडिया पर लिखने वाले पत्रकारों पर एफआईआर करने में अधिक रुचि ले रहे हैं।

कानून-व्यवस्था और 'हिमाचल ऑन सेल' पर घेरा

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पालमपुर बस स्टैंड पर युवती पर दराट से हमला और सरकाघाट में छात्रा की हत्या जैसी घटनाएं सरकार की प्रशासनिक विफलता का प्रमाण हैं।

उन्होंने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की 114 हेक्टेयर जमीन को पर्यटन के नाम पर 'मित्रों' को देने के फैसले को प्रदेश के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने तंज कसा कि जिस पालमपुर की धरती से राम मंदिर का प्रस्ताव पारित हुआ था, वहीं से कांग्रेस ने 'हिमाचल ऑन सेल' की शुरुआत कर दी है, जिसे भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़कर रुकवाया।

ग्रामीण क्षेत्रों को निगम से बाहर करने का वादा

नगर निगम के विवादों पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले ग्रामीण क्षेत्रों को निगम से बाहर करने और 10 साल तक नया टैक्स न लगाने का वादा किया था, लेकिन आज जनता पर नए टैक्स थोपे जा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट घोषणा की कि भाजपा सरकार आने पर जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ग्रामीण इलाकों को उनकी इच्छा के अनुसार निगम से बाहर किया जाएगा और शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

स्थानीय विधायक और सीवरेज योजना में घोटाले का आरोप

जयराम ठाकुर ने स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 वर्षों से पालमपुर का विकास ठप पड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 127 करोड़ की सीवरेज योजना में बड़े घोटाले का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि चहेतों को फायदा पहुँचाने के लिए पाइप बिछाने से पहले ही टाइलें लगा दी गईं और फिर उन्हें उखाड़ा गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। उन्होंने शहर में पार्किंग और बेसहारा पशुओं की समस्या के लिए भी कांग्रेस को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।

"जहाँ राहुल और सुक्खू जाते हैं, वहाँ कांग्रेस का सफाया तय"

मुख्यमंत्री की तुलना राहुल गांधी से करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि ये दोनों नेता जहाँ भी प्रचार करने जाते हैं, वहाँ कांग्रेस की हार निश्चित हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा दो सीटों से भी सरकार बनाने का सामर्थ्य रखती है और पालमपुर की जनता इस बार कांग्रेस को करारा जवाब देकर भाजपा के विकास के संकल्प पर मुहर लगाएगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सांसद राजीव भारद्वाज और विधायक विपिन परमार सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें