मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मां बगलामुखी मंदिर में दर्दनाक हादसा: आरती के दौरान रेलिंग से 30 फीट नीचे गिरे ITBP जवान, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

सार

कांगड़ा जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर बनखंडी में मंगलवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है।

अपडेट: 2 मिनट
मां बगलामुखी मंदिर में दर्दनाक हादसा: आरती के दौरान रेलिंग से 30 फीट नीचे गिरे ITBP जवान, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

बनखंडी/देहरा:

कांगड़ा जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर बनखंडी में मंगलवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। मंदिर परिसर में सुबह की आरती के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह करीब 30 फीट नीचे शिव मंदिर के पास सिर के बल जा गिरे।

सिर पर गंभीर चोट आने और अत्यधिक खून बहने के कारण अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से जवान के परिवार की खुशियाँ पल भर में मातम में बदल गईं।

छुट्टी पर घर आए थे जवान, परिवार संग पहुँचे थे हवन करवाने

मृतक जवान की पहचान 38 वर्षीय राजीव सिंह पुत्र जगदीश चंद, निवासी कमलाह (डाकघर नेरी, जिला हमीरपुर) के रूप में हुई है। राजीव सिंह आईटीबीपी में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। मंगलवार सुबह वह अपने परिवार के साथ मां बगलामुखी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ करवाने पहुँचे थे।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, मंदिर परिसर में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 5:00 बजे जब मंदिर में मां की दिव्य आरती हो रही थी, तब राजीव मंदिर अधिकारी कार्यालय के पास लगी रेलिंग के सहारे खड़े थे। इसी बीच अचानक उनका पैर फिसला या संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे 30 फीट नीचे जा गिरे।

हादसे के तुरंत बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन के कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए लहुलूहान हालत में उन्हें नागरिक अस्पताल देहरा पहुँचाया, लेकिन वहाँ तैनात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और रेलिंग के पास सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

जवान की इस अचानक मौत से उनके पैतृक गांव हमीरपुर के कमलाह में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

इस खबर को शेयर करें