मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

HRTC बस में बिना टिकट पकड़े गए तो लगेगा 500 रुपये जुर्माना, टिकट न देने वाले कंडक्टर की करें शिकायत

सार

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने बसों में टिकट व्यवस्था को लेकर संशोधित एसओपी लागू की है। बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री को 500 रुपये जुर्माना देना होगा। वहीं, किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करने वाले कंडक्टर की शिकायत सही पाए जाने पर यात्री को टिकट राशि का पांच गुना इनाम मिलेगा। यात्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर शिकायत कर सकते हैं।

TV Incharge

3 मिनट
 HRTC बस में बिना टिकट पकड़े गए तो लगेगा 500 रुपये जुर्माना, टिकट न देने वाले कंडक्टर की करें शिकायत

किराया लेकर टिकट जारी नहीं करने पर यात्री को मिलेगा टिकट राशि का पांच गुना इनाम, एचआरटीसी ने लागू की संशोधित एसओपी; शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी

हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए टिकट को लेकर नए नियम लागू किए गए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने बसों में टिकट वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है।

इसके तहत बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री से 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं, यदि कंडक्टर किराया लेने के बावजूद यात्री को टिकट जारी नहीं करता है, तो शिकायत सही पाए जाने पर यात्री को टिकट राशि का पांच गुना इनाम दिया जाएगा।

बिना टिकट पकड़े जाने पर 500 रुपये जुर्माना

नई एसओपी के अनुसार, बस में बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री को 500 रुपये जुर्माना देना होगा। टिकट गुम होने या चेकिंग के दौरान टिकट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भी यह नियम लागू होगा। ऐसे में यात्रियों को किराया देने के बाद टिकट लेना और उसे यात्रा पूरी होने तक सुरक्षित रखना जरूरी होगा।

किराया लेकर टिकट नहीं दिया तो मिलेगा पांच गुना इनाम

एचआरटीसी ने टिकट वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों को भी जिम्मेदारी दी है। यदि कोई कंडक्टर यात्री से किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करता है और इसकी शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो यात्री को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम दिया जाएगा। वहीं, टिकट जारी करने में गड़बड़ी करने वाले कंडक्टर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों के टिकट को लेकर भी स्पष्ट किए नियम

संशोधित एसओपी में पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के आधे टिकट और मुफ्त यात्रा से जुड़े मामलों को लेकर भी नियम स्पष्ट किए गए हैं। कंडक्टर बच्चे की आयु की पुष्टि के लिए प्रमाणपत्र मांग सकता है। यदि यात्री आयु का प्रमाण नहीं दे पाता या प्रस्तुत प्रमाण संतोषजनक नहीं होता, तो पूरा टिकट जारी किया जाएगा।

हालांकि, अभिभावक की घोषणा के आधार पर आधा टिकट लेने के बाद जांच में बच्चा पात्र नहीं पाया जाता है, तो ऐसे मामले को सीधे बिना टिकट यात्रा नहीं माना जाएगा। संबंधित मामले में बच्चे की फोटो और दस्तावेज लेकर जांच के लिए यूनिट अधिकारी को भेजा जाएगा।

टिकट में गड़बड़ी करने वाले कंडक्टरों पर होगी कार्रवाई

नई एसओपी के तहत टिकट जारी नहीं करना, कम राशि का टिकट देना या पुराना टिकट थमाने जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमित और अनुबंध आधार पर कार्यरत कंडक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।

कहां करें शिकायत? जानें हेल्पलाइन नंबर

एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने कहा कि बसों में बिना टिकट यात्रा रोकने और टिकट वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से संशोधित एसओपी लागू की गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि किराया देने के बाद टिकट जरूर लें। यदि कंडक्टर किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करता है, तो यात्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें