मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले नवोदय स्कूल के शिक्षक को कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा

सार

हिमाचल प्रदेश के रामपुर स्थित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (पोक्सो कोर्ट) ने गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले एक शिक्षक को सख्त सजा सुनाई है।

2 मिनट
छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले नवोदय स्कूल के शिक्षक को कोर्ट ने सुनाई कड़�ी सजा

रामपुर बुशहर (शिमला)।

हिमाचल प्रदेश के रामपुर स्थित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (पोक्सो कोर्ट) ने गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले एक शिक्षक को सख्त सजा सुनाई है।

अदालत ने नवोदय विद्यालय के 46 वर्षीय कला (Arts) शिक्षक रविकांत झा को अपनी ही 12 नाबालिग छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करने का दोषी पाते हुए कठोर कारावास की सजा का ऐलान किया है। दोषी शिक्षक मूल रूप से मध्य प्रदेश के जिला बालाघाट के वारासेउनी का रहने वाला है।

आर्ट्स पीरियड के दौरान मासूमों से की थी अश्लील हरकतें

उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दोषी रविकांत झा जवाहर नवोदय विद्यालय में बतौर आर्ट्स टीचर तैनात था। उसने साल 2024 में स्कूल में आर्ट्स पीरियड के दौरान अलग-अलग दिनों में 12 छात्राओं को अपनी हवस और बदसलूकी का शिकार बनाया था।

आरोपी शिक्षक क्लास में छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता था। डरी-सहमी छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर इसकी शिकायत अपनी काउंसिलिंग अध्यापिका से की, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

25 गवाहों की गवाही के बाद कोर्ट ने तय की सजा

अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और 25 महत्वपूर्ण गवाहों के बयानों को दर्ज करने के बाद शिक्षक को दोषी करार दिया। पोक्सो कोर्ट ने दोषी रविकांत को पोक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत 7 साल के कठोर कारावास और 7,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (2) के तहत 3 साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये जुर्माने की अतिरिक्त सजा दी गई है। अदालत ने साफ किया कि दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी। सरकार की तरफ से इस संवेदनशील मुकदमे की पैरवी उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल द्वारा मजबूती से की गई, जिसके चलते पीड़ित छात्राओं को त्वरित न्याय मिल सका।

इस खबर को शेयर करें