मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नूरपुर में पंचायत चुनाव का पहला चरण शांतिपूर्ण: सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने की भयमुक्त मतदान की अपील

सार

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनावों के पहले चरण के तहत आज उपमंडल नूरपुर में मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से आगे बढ़ रही है।

2 मिनट
नूरपुर में पंचायत चुनाव का पहला चरण शांतिपूर्ण: सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने की भयमुक्त मतदान की अपील

नूरपुर।

हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनावों के पहले चरण के तहत आज उपमंडल नूरपुर में मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से आगे बढ़ रही है। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

लोकतंत्र के इस महापर्व में क्या युवा, क्या बुजुर्ग और क्या महिलाएं, सभी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। दोपहर तक भी कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा, मुस्तैद रहा प्रशासन

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए हैं।

क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल सिंह ने सुरक्षा पर बात करते हुए कहा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बल लगातार संवेदनशील क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर गश्त (Patrolling) कर रहे हैं ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे और आम जनता बिना किसी दबाव के अपने घर से बाहर निकल सके।

अब तक कोई विवाद नहीं, सौहार्दपूर्ण माहौल में वोटिंग

राहत की बात यह है कि नूरपुर उपमंडल से अब तक किसी भी मतदान केंद्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना, फर्जी वोटिंग या आपसी विवाद की कोई सूचना सामने नहीं आई है। सभी जगह ग्रामीण बेहद अनुशासित और सौहार्दपूर्ण माहौल में अपने गांव की सरकार चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर तैनात चुनाव कर्मी भी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, जिससे मतदाताओं को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

डीएसपी की जनता से अपील: बिना किसी डर के करें मतदान

डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने क्षेत्र के तमाम मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय, लोभ या संकोच के लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और सही प्रत्याशी का चयन करें।

उन्होंने जनता से यह भी आग्रह किया कि वे मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें। पहले चरण की इस वोटिंग प्रक्रिया के समाप्त होते ही सुरक्षा घेरे में ही मतों की गिनती का कार्य शुरू किया जाएगा।

इस खबर को शेयर करें