सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुरू किया राज्य का पहला एकीकृत रोजगार प्लेटफॉर्म, 164 संस्थान, 26,168 छात्र और 97 नियोक्ता जुड़े
हिमाचल प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार शाम ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ (Takniki Rozgar Setu) पोर्टल का शुभारंभ किया।
यह राज्य का अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो तकनीकी छात्रों, शिक्षण संस्थानों और उद्योगों को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से जोड़कर रोजगार प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। यह पोर्टल तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुसार अवसर उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस पोर्टल के माध्यम से छात्र अपनी प्रोफाइल तैयार कर सकेंगे और इसमें अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल, प्रशिक्षण तथा प्रमाणपत्रों की जानकारी अपलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा छात्र उपलब्ध नौकरियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे और अपनी प्लेसमेंट स्थिति की जानकारी भी देख सकेंगे।
कंपनियां भी कर सकेंगी भर्ती प्रक्रिया पूरी
‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल पर उद्योग और नियोक्ता भी अपना पंजीकरण कर सकेंगे। कंपनियां अपनी रिक्तियां अपलोड करने के साथ योग्य उम्मीदवारों की पहचान कर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर पाएंगी।
सरकार का मानना है कि इससे कंपनियों और युवाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज एवं पारदर्शी होगी।
164 तकनीकी संस्थान और 26 हजार से अधिक छात्र जुड़े
मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल पर प्रदेश के 164 तकनीकी संस्थान पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें:
शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से अब तक 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 23,054 छात्रों की स्किल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा 97 नियोक्ता भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।
कुशल तकनीकी कर्मियों को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर जैसे कुशल तकनीकी कर्मियों की सेवाएं भी अल्प अवधि के कार्यों के लिए उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
इसके साथ ही तकनीकी संस्थान छात्रों के रिकॉर्ड, प्रोफाइल अनुमोदन और प्लेसमेंट गतिविधियों की निगरानी भी एक ही मंच से कर पाएंगे।
उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत होगा समन्वय
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीक के माध्यम से सुशासन को मजबूत करने और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल से उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा हिमाचल के युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube