शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पदोन्नत हुए 777 स्कूल प्रिंसिपलों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। गुरुवार को शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।
इस तैनाती के साथ ही राज्य के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली चल रहे प्रधानाचार्यों के पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
अधिसूचना के अनुसार, जो स्कूल केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध हो चुके हैं या होने की प्रक्रिया में हैं, वहां तैनात मौजूदा प्रिंसिपलों का तबादला किसी भी अन्य स्कूल में किया जा सकता है।
इन स्कूलों में तबादले और नियुक्तियां चयन प्रक्रिया से उम्मीदवारों की उपलब्धता के आधार पर सुनिश्चित की जाएंगी। पदोन्नत हुए सभी 777 प्रिंसिपलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना किसी देरी के अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। सभी अधिकारियों को उचित माध्यम (Proper Channel) से अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट तत्काल शिक्षा विभाग को भेजने के आदेश दिए गए हैं।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार की कवायद
राज्य सरकार का यह कदम स्कूलों में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से सीबीएसई संबद्ध स्कूलों के लिए बनाई गई नई नीति से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और बेहतर प्रबंधन की उम्मीद जताई जा रही है।