मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

Himachal Police में अब ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, बंद हुए कागजी रजिस्टर; ई-HRMS से होगी उपस्थिति दर्ज

सार

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में अब ई-HRMS के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। सभी अधीनस्थ कार्यालयों, थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और विशेष शाखाओं में कागजी हाजिरी रजिस्टर बंद कर दिए गए हैं। दूरदराज के क्षेत्रों में फील्ड ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को फिलहाल अस्थायी छूट दी गई है। छुट्टी के लिए आवेदन भी अब ऑनलाइन ही करना होगा।

3 मिनट
Himachal Police में अब ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, बंद हुए कागजी रजिस्टर; ई-HRMS से होगी उपस्थिति दर्ज

DGP अशोक तिवारी ने जारी किए आदेश, हिम उपस्थिति ऐप से हाजिरी लगाना जरूरी; अनधिकृत अनुपस्थिति का असर वेतन पर पड़ेगा

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में अब कर्मचारियों की हाजिरी व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है। पुलिस विभाग के सभी अधीनस्थ कार्यालयों, थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और विशेष शाखाओं में ई-HRMS (मानव संपदा) के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।

इसके साथ ही विभाग ने भौतिक यानी कागजी हाजिरी रजिस्टर को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया है। अब पुलिस कर्मचारियों को हिम उपस्थिति ऐप के माध्यम से अपनी हाजिरी दर्ज करनी होगी।

हालांकि, दूरदराज के क्षेत्रों में परिचालन या फील्ड ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को पुलिस मुख्यालय की ओर से दी गई अस्थायी छूट के तहत फिलहाल इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है।

DGP अशोक तिवारी ने जारी किए आदेश

पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने सभी पुलिस कार्यालय प्रमुखों, पुलिस अधीक्षकों, HPAP/IRB बटालियन के कमांडेंट और यूनिट प्रमुखों को निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कहा है।

विभाग के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता, मानव संसाधन की प्रभावी निगरानी और सेवा मामलों में देरी को खत्म करना है।

निर्देशों के मुताबिक विंग और शाखा प्रभारी रोजाना कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाना सुनिश्चित करेंगे।

अनधिकृत अनुपस्थिति का असर वेतन पर पड़ेगा

ई-HRMS में दर्ज अनधिकृत अनुपस्थिति या देरी का सीधा असर कर्मचारियों की मासिक वेतन प्रक्रिया पर पड़ेगा।

ट्रेजरी से तैयार होने वाले मासिक वेतन बिल का ई-HRMS पर दर्ज सत्यापित उपस्थिति और स्वीकृत अवकाश रिकॉर्ड से मिलान करना अनिवार्य होगा।

यदि ई-HRMS से सत्यापन किए बिना वेतन जारी किया जाता है, तो इसके लिए संबंधित DDO जिम्मेदार होंगे।

अब ऑनलाइन करना होगा छुट्टी के लिए आवेदन

पुलिस कर्मचारियों की सभी तरह की छुट्टियों के लिए अब ई-HRMS के माध्यम से ही आवेदन करना होगा। छुट्टी की पूरी प्रक्रिया और स्वीकृति भी ऑनलाइन होगी।

इसमें कैजुअल लीव, कम्यूटेड लीव, हाफ पे लीव, मातृत्व/पितृत्व अवकाश और चाइल्ड केयर लीव सहित अन्य अवकाश शामिल हैं।

कोई भी डीलिंग असिस्टेंट या पर्यवेक्षण अधिकारी ऑफलाइन अथवा कागजी छुट्टी आवेदन को स्वीकार या प्रोसेस नहीं करेगा।

हालांकि, IPS अधिकारियों के अर्जित अवकाश को लेकर अलग प्रावधान किया गया है।

IPS और HPS अधिकारियों के लिए क्या हैं नियम?

जिलों में तैनात IPS/HPS अधिकारियों के SP रैंक तक के अर्जित अवकाश को जिला या यूनिट स्तर से ई-HRMS के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। इसकी वजह यह है कि ऐसे अवकाश की स्वीकृति का अधिकार हिमाचल सरकार के गृह विभाग के पास है।

वहीं, IPS अधिकारियों के अन्य नियमित अवकाश सामान्य प्रक्रिया के तहत ई-HRMS में दर्ज किए जाएंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • Himachal Police
  • digital attendance
  • e-HRMS
  • Ashok Tiwari
  • digital governance
  • human resources
  • अनुपस्थिति
  • हाजिरी
  • online attendance
  • DGP Ashok Tiwari
  • attendance system
  • पुलिस विभाग

इस खबर को शेयर करें