मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

महंगाई का झटका: 11 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम, पेट्रोल ₹102 के पार, डीजल भी हुआ महंगा

सार

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी के कारण हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छूने लगे हैं।

अपडेट: 2 मिनट
महंगाई का झटका:  11 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम, पेट्रोल ₹102 के पार, डीजल भी हुआ महंगा

बिलासपुर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी के कारण हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छूने लगे हैं। तेल कंपनियों ने सोमवार से नए दाम लागू कर दिए हैं, जिसके तहत डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल में 2.61 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई है।

इस ताज़ा वृद्धि के बाद राज्य के कई जिलों में पेट्रोल का भाव 102 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर चुका है, जबकि डीजल भी 94 रुपये के करीब पहुंच गया है।

इस नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी शिमला में पेट्रोल का रेट 100.12 रुपये से बढ़कर 102.69 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 91.13 रुपये से छलांग लगाकर 94.77 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।

वहीं बिलासपुर जिले में सामान्य पेट्रोल 101.28 रुपये, स्पीड पेट्रोल 110.69 रुपये और डीजल 93.34 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर आ गया है। जनता के लिए मई का महीना राहत के बजाय महंगाई के झटके लेकर आया है, क्योंकि तेल कंपनियों द्वारा पिछले 11 दिनों के भीतर यह चौथी बड़ी बढ़ोतरी की गई है।

लगातार महंगे होते ईंधन का सीधा असर अब आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जरूरी चीजों पर दिखने लगा है। स्थानीय टैक्सी चालकों और ट्रांसपोर्टर्स का कहना है कि लागत बढ़ने के बावजूद उनका किराया नहीं बढ़ा है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

इसके अलावा, मालभाड़े में वृद्धि होने के कारण आने वाले दिनों में सीमेंट की कीमतों में भी उछाल आना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे घर बनाना और महंगा हो जाएगा।

प्रदेश के अन्य प्रमुख जिलों की बात करें तो कुल्लू में पेट्रोल 102.62 रुपये और डीजल 94.46 रुपये, चंबा में पेट्रोल 102.69 रुपये और डीजल 94.77 रुपये, मंडी में पेट्रोल 101.59 रुपये और डीजल 93.62 रुपये, तथा कांगड़ा में पेट्रोल 101.54 रुपये और डीजल 93.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

सबसे कम कीमत सोलन में है जहां पेट्रोल 99.42 रुपये और डीजल 91.18 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ती इस महंगाई से पूरे प्रदेश में आम जनता का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।

इस खबर को शेयर करें