मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में 355 पीईटी शिक्षकों की भर्ती: 21 साल बाद बैचवाइज नौकरी का मौका, 3 व 4 जून को होगी काउंसिलिंग

सार

हिमाचल प्रदेश में बैचवाइज आधार पर सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे पीईटी और बीएड डिग्रीधारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है।

3 मिनट
हिमाचल में 355 पीईटी शिक्षकों की भर्ती: 21 साल बाद बैचवाइज नौकरी का मौका, 3 व 4 जून को होगी काउं��सिलिंग

शिमला।

हिमाचल प्रदेश में बैचवाइज आधार पर सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे पीईटी और बीएड डिग्रीधारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग आगामी जून महीने से बैच वाइज आधार पर शारीरिक शिक्षकों (पीईटी) के 355 रिक्त पदों को भरने जा रहा है।

स्कूल शिक्षा निदेशालय के आदेशों के बाद सभी 12 जिला स्तरों पर इसके लिए काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। करीब 21 सालों के लंबे इंतजार के बाद पीईटी और डीपीई डिग्री व डिप्लोमा धारक उम्मीदवारों को बैच वाइज आधार पर नौकरी मिलने की उम्मीद जागी है।

3 और 4 जून को जिलों में होगी काउंसलिंग, प्रक्रिया में बड़ा बदलाव

बैचवाइज भर्ती के लिए आगामी 3 और 4 जून को प्रदेश के सभी 12 जिलों में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी और उम्मीदवारों के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच होगी। इस बार विभाग ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है।

उम्मीदवारों को अब अलग-अलग जिलों के चक्कर नहीं काटने होंगे, बल्कि उन्हें काउंसलिंग के लिए केवल अपने ही गृह जिला में उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थी वहीं से निर्धारित प्रपत्र पर अन्य जिलों के लिए प्राथमिकताओं का क्रम (ऑर्डर ऑफ प्रेफरेंस) भरकर जमा कर सकते हैं।

क्या है अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता और नियम

इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से डीपीएड (D.P.Ed.) डिग्री अथवा डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके अलावा शारीरिक शिक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक (Graduation) की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी इसके पात्र होंगे।

प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को न्यूनतम अंकों और पात्रता शर्तों में नियमानुसार विशेष छूट का प्रावधान भी किया गया है।

विभिन्न श्रेणियों के लिए तय की गई बैच कट-ऑफ तिथियां

विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार काउंसलिंग के लिए विभिन्न श्रेणियों की कट-ऑफ तिथियां (बैच की स्थिति) तय की गई हैं। सामान्य अनारक्षित श्रेणी के लिए 31 दिसंबर 2005 तक के बैच के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।

इसी तरह ईडब्ल्यूएस के लिए 31 दिसंबर 2006, ओबीसी (अनारक्षित) के लिए 31 दिसंबर 2007, एससी (अनारक्षित) के लिए 31 दिसंबर 2007 और एसटी (अनारक्षित) श्रेणी के लिए भी 31 दिसंबर 2007 तक के बैच वाले उम्मीदवारों को काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया है।

किस जिले में भरे जाएंगे कितने पद: देखें पूरा विवरण

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश भर में कुल 355 पद भरे जा रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 75 पद कांगड़ा जिले और 62 पद मंडी जिले में भरे जाएंगे। जिलावार पदों के विवरण की बात करें तो बिलासपुर में 10, चंबा में 29, हमीरपुर में 18, किन्नौर में 7, कुल्लू में 24, लाहौल-स्पीति में 5,

शिमला में 42, सिरमौर में 30, सोलन में 14 और ऊना जिले में 39 पदों को भरा जाएगा। गौरतलब है कि कोर्ट में मामला लंबित होने के कारण यह भर्तियां लंबे समय से लटकी हुई थीं, जिन्हें अब हरी झंडी मिल गई है।

इस खबर को शेयर करें