मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कैफे कर्मी से मारपीट मामले में उबाल: मां ने दी 24 घंटे में आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप

सार

सदर थाना ऊना के तहत हमीरपुर रोड स्थित एक कैफे कर्मी दीपांशु के साथ कथित तौर पर अगवा कर मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

3 मिनट
कैफे कर्मी से मारपीट मामले में �उबाल: मां ने दी 24 घंटे में आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप

ऊना।

सदर थाना ऊना के तहत हमीरपुर रोड स्थित एक कैफे कर्मी दीपांशु के साथ कथित तौर पर अगवा कर मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। वीरवार सुबह इस मामले को लेकर पीड़ित युवक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा।

बड़ी संख्या में लोग म्युनिसिपल पार्क में एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का सीधा आरोप है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने रसूखदार आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।

'24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो कर लूंगी आत्मदाह'— भावुक मां का कड़ा अल्टीमेटम

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल बेहद तनावपूर्ण और भावुक हो गया, जब पीड़ित युवक दीपांशु की माता कंचन ने पुलिस प्रशासन को खुला अल्टीमेटम दे दिया। उन्होंने रोते हुए पुलिस पर कैफे मालिकों को बचाने का संगीन आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई,

तो वह आत्मदाह करने को मजबूर हो जाएंगी। मां के इस ऐलान के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का आक्रोश और अधिक बढ़ गया, जिसके बाद सभी प्रदर्शनकारियों ने म्युनिसिपल पार्क से लेकर डीसी कार्यालय तक एक विशाल आक्रोश रैली निकाली और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।

करंट लगाने और फार्म हाउस में बंधक बनाकर बर्बरता करने का आरोप

गौरतलब है कि पीड़ित युवक दीपांशु ने कैफे मालिकों पर बेहद खौफनाक और गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, 'लोए-लोए कैफे' के मालिक ने कैफे में लगी आग के लिए उसे जबरन जिम्मेदार ठहराया।

इसके बाद उसे रास्ते से जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा किया गया और एक अज्ञात फार्म हाउस ले जाया गया। दीपांशु का आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, उसे बिजली के झटके (करंट) लगाए गए और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। इस बर्बरता के बाद से ही पीड़ित का परिवार लगातार इंसाफ के लिए भटक रहा है।

पूर्व नियोक्ता ने बताया ईमानदार, पुलिस की उलटी कार्रवाई पर उठे सवाल

इस प्रदर्शन में स्थानीय दुकानदार और दीपांशु के पूर्व नियोक्ता दीपक शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने दीपांशु का पक्ष लेते हुए कहा कि युवक करीब तीन साल तक उनकी दुकान पर काम कर चुका है और वह बेहद ईमानदार व मेहनती है।

उसके खिलाफ आज तक कभी कोई शिकायत नहीं आई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि असली गुनहगारों को पकड़ने के बजाय पुलिस ने पीड़ित दीपांशु के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि पुलिस प्रशासन मामले में शिकायत दर्ज कर जांच की बात कह रहा है, लेकिन ग्रामीणों की बढ़ती नाराजगी ने अब पूरे जिले में माहौल गरमा दिया है।

इस खबर को शेयर करें