मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला बाईपास निर्माण में लापरवाही पर हाई कोर्ट सख्त, 4 सप्ताह में पीड़ित महिला को मुआवजा देने के आदेश

सार

हिमाचल हाई कोर्ट ने शिमला बाईपास फोरलेन निर्माण के दौरान लापरवाही से मकान ढहने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने NHAI और निर्माण कंपनी को पीड़ित महिला रंजना देवी को चार सप्ताह के भीतर मुआवजा देने का आदेश दिया है।

2 मिनट
शिमला बाईपास निर्माण में लापरवाही पर हाई कोर्ट सख्त, 4 सप्ताह में पीड़ित महिला को मुआवजा देने के आदेश

चमियाणा में भूस्खलन से ढहा था चार मंजिला मकान, NHAI और निर्माण कंपनी को 50-50 प्रतिशत राशि देने के निर्देश

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने शिमला बाईपास (पैकेज-2) भट्टाकुफर में फोरलेन निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और निर्माण कंपनी मैसर्स गावर शिखा हाईवे प्राइवेट लिमिटेड को प्रभावित महिला को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य न्यायाधीश जीएस संधावालिया और न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी की पीठ ने अदालत द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की गई जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया।

चमियाणा में भूस्खलन से ढहा था मकान

मामला शिमला ग्रामीण के चमियाणा स्थित संजय वन कॉलोनी का है। यहां एनएच-5 से आने वाले फोरलेन हाईवे के निर्माण के लिए पहाड़ों की वर्टिकल कटिंग की जा रही थी। इसी दौरान 30 जून 2025 को भीषण भूस्खलन हुआ, जिससे रंजना नामक महिला का चार मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया।

भूस्खलन की चपेट में रंजना के घर के पीछे स्थित चंदा देवी का करीब साढ़े तीन मंजिला मकान भी आ गया, जो असुरक्षित हो गया और रहने लायक नहीं बचा।

विशेषज्ञों की रिपोर्ट में निर्माण लापरवाही का खुलासा

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि हादसा प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, पहाड़ियों की कटिंग से पहले पर्याप्त भू-तकनीकी और जल निकासी योजना नहीं बनाई गई थी।

एनएचएआई की ओर से अधिग्रहित चौड़ाई के नियमों का पालन नहीं किए जाने से भी ढलान कमजोर होने की बात सामने आई।

5.61 करोड़ से अधिक का हुआ था मूल्यांकन

उपमंडलीय मजिस्ट्रेट की ओर से रंजना के मकान, जमीन और सामान को हुए नुकसान का मूल्यांकन किया गया था। कुल नुकसान का मूल्यांकन 5.61 करोड़ रुपये से अधिक किया गया था, जिसमें 100 प्रतिशत सॉलटियम भी शामिल था।

यह मूल्यांकन पिछले साल ही एनएचएआई को भेज दिया गया था, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया। हाई कोर्ट ने इस पर नाराजगी जताई।

चार सप्ताह में मुआवजा देने के आदेश

हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि रंजना देवी के मकान और सामान के नुकसान के मूल्यांकन की 2,23,55,924 रुपये की राशि का 50-50 प्रतिशत हिस्सा एनएचएआई और गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी आगामी चार सप्ताह के भीतर सीधे पीड़िता को भुगतान करें।

इसके अलावा अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि भूस्खलन से प्रभावित चंदा देवी के असुरक्षित मकान का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द मूल्यांकन किया जाए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें