मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल की फैमिली कोर्ट में तारीखों का बढ़ता बोझ, काउंसलरों की कमी से प्रभावित हो रही सुनवाई

सार

हिमाचल प्रदेश की फैमिली कोर्ट में पति-पत्नी विवाद, भरण-पोषण और बच्चों की अभिरक्षा से जुड़े मामलों के निपटारे में देरी सामने आई है। शिमला, धर्मशाला और मंडी की फैमिली कोर्ट के अध्ययन में बार-बार तारीखें, प्रशिक्षित काउंसलरों की कमी, न्यायिक अधिकारियों पर अतिरिक्त प्रभार और आधारभूत सुविधाओं की कमी प्रमुख चुनौतियां बताई गई हैं।

4 मिनट
हिमाचल की फैमिली कोर्ट में तारीखों का बढ़ता बोझ, काउंसलरों की कमी से प्रभावित हो रही सुनवाई

शिमला, धर्मशाला और मंडी की फैमिली कोर्ट के अध्ययन में सामने आईं चुनौतियां; भरण-पोषण और बच्चों की कस्टडी के मामलों में देरी, स्थायी काउंसलर और बेहतर मध्यस्थता व्यवस्था की जरूरत

हिमाचल प्रदेश में पति-पत्नी विवाद, भरण-पोषण और बच्चों की अभिरक्षा से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा नहीं हो पा रहा है। परिवार न्यायालयों का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवेदनशीलता के साथ सुलझाने के साथ-साथ सुलह और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है, लेकिन बार-बार पड़ने वाली तारीखें इस प्रक्रिया में बड़ी बाधा बन रही हैं।

परिवार न्यायालयों की कार्यप्रणाली को लेकर हुए एक ताजा अध्ययन में यह स्थिति सामने आई है। अध्ययन में शिमला, धर्मशाला और मंडी की फैमिली कोर्ट के आंकड़ों और कार्यप्रणाली का विश्लेषण किया गया।

इसमें न्यायिक अधिकारियों पर अतिरिक्त प्रभार, अलग भवनों की कमी, प्रशिक्षित काउंसलरों की कमी और आधारभूत सुविधाओं की अनुपलब्धता को प्रमुख समस्याओं के रूप में चिन्हित किया गया है।

प्रशिक्षित काउंसलरों की कमी बड़ी चुनौती

अध्ययन के अनुसार प्रदेश में प्रशिक्षित काउंसलरों और मनोवैज्ञानिकों की कमी के कारण पारिवारिक मामलों में मध्यस्थता कई जगह महज औपचारिक प्रक्रिया बनकर रह गई है। कई स्थानों पर काउंसलर अनुबंध या अंशकालिक आधार पर काम कर रहे हैं, जबकि कुछ जगह गैर-विशेषज्ञ लोगों से भी काउंसलिंग में सहायता ली जा रही है।

शिमला और धर्मशाला में मध्यस्थता केंद्र होने के बावजूद प्रशिक्षित पारिवारिक मध्यस्थों की कमी बनी हुई है। इसका सीधा असर भरण-पोषण, वैवाहिक विवाद और बच्चों की कस्टडी से जुड़े मामलों पर पड़ रहा है।

कई जगह न्यायिक अधिकारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी

अध्ययन में यह भी सामने आया कि प्रदेश के सभी जिलों में अलग से फैमिली कोर्ट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। कई जिलों के मामलों की जिम्मेदारी अन्य न्यायिक अधिकारियों को दी गई है।

शिमला में पॉक्सो न्यायाधीश और हमीरपुर में सत्र न्यायाधीश फैमिली कोर्ट का काम भी संभाल रहे हैं। अतिरिक्त न्यायिक प्रभार के चलते पारिवारिक मामलों पर अपेक्षित विशेष ध्यान देना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

परिवार न्यायालयों का उद्देश्य केवल फैसला सुनाना नहीं, बल्कि पति-पत्नी और परिवार के बीच समझौते की संभावनाएं तलाशना भी है। फैमिली कोर्ट्स एक्ट, 1984 की धारा 9 अदालत को सुलह का प्रयास करने की जिम्मेदारी देती है, जबकि धारा 6 में काउंसलरों और विशेषज्ञों की सहायता लेने का प्रावधान है।

पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियां और सामाजिक दबाव भी बाधा

अध्ययन में हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को भी न्याय तक पहुंच में एक चुनौती बताया गया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों से अदालतों तक पहुंचना कई पक्षकारों के लिए मुश्किल होता है। इसके अलावा सामाजिक कलंक और पारिवारिक दबाव के कारण विशेष रूप से महिलाओं के लिए कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच बनाना कठिन हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शोधार्थी परवीन कुमार और सहायक प्रोफेसर दिव्या गुप्ता ने यह अध्ययन किया है। उनका शोध पत्र “Family Courts in India: Functioning and Effectiveness with Special Reference to the State of Himachal Pradesh” इंटरनेशनल जर्नल ऑफ लॉ के अगस्त 2026 के खंड 12 में प्रकाशित हुआ है।

हाईकोर्ट ने भी भरण-पोषण मामलों में देरी पर जताई चिंता

उधर, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने अंतरिम भरण-पोषण से जुड़े मामलों में देरी पर चिंता जताई है। अदालत ने कहा है कि मामलों के लंबे समय तक लंबित रहने से कानून के उद्देश्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। बच्चों की कस्टडी के मामलों में उनके भावनात्मक, शैक्षणिक और मनोवैज्ञानिक हितों को प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।

अध्ययन का निष्कर्ष है कि केवल फैमिली कोर्ट की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं होगा। अदालतों के साथ प्रशिक्षित और स्थायी काउंसलरों की नियुक्ति, बेहतर मध्यस्थता व्यवस्था, पर्याप्त आधारभूत ढांचा और मामलों की प्रभावी निगरानी भी जरूरी है।

घरेलू हिंसा केवल शारीरिक मारपीट तक सीमित नहीं

समाजशास्त्री प्रोफेसर मोहन झारटा ने कहा कि घरेलू हिंसा केवल शारीरिक मारपीट तक सीमित नहीं होती। इसमें मानसिक, भावनात्मक, यौन और आर्थिक उत्पीड़न भी शामिल है। फैमिली कोर्ट में मामलों की देरी का असर केवल न्यायिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार की सामाजिक संरचना, बच्चों के भविष्य और रिश्तों की स्थिरता पर भी पड़ता है।

एचपीयू के विधि विभाग के पूर्व डीन प्रो. रघुविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल के हर जिले में फैमिली कोर्ट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। कुछ जिलों के लिए सामूहिक रूप से फैमिली कोर्ट संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने पारिवारिक मामलों के प्रभावी निपटारे के लिए पर्याप्त और स्थायी काउंसलर व्यवस्था को बेहद जरूरी बताया।

सरकार ने काउंसलर और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का भरोसा दिया

अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह हिमाचल आरडी नजीम ने कहा कि पारिवारिक मामलों के त्वरित और संवेदनशील समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। न्यायालयों में आधारभूत ढांचा मजबूत करने और काउंसलरों की नियमित व्यवस्था के लिए हाईकोर्ट प्रशासन के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • फैमिली कोर्ट
  • काउंसलर
  • भरण-पोषण
  • कस्टडी
  • मध्यस्थता
  • विवाद समाधान
  • न्यायिक प्रणाली

इस खबर को शेयर करें