कांगड़ा I
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। चंबा से ऊना की ओर जा रही 'देवीदर्शन' नामक एक निजी बस नूरपुर के न्याजपुर के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई।
हादसे के समय बस सवारियों से पूरी तरह भरी हुई थी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का कारण चालक को अचानक आया हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ पर बस का टायर फटने से चालक ने संतुलन खो दिया।
चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसा सुबह करीब 11:00 बजे उस समय हुआ जब चंबा से सुबह 6:30 बजे चली यह बस नूरपुर पहुँची। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए बस की खिड़कियाँ तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और तुरंत निजी वाहनों व एम्बुलेंस के जरिए नूरपुर सिविल अस्पताल पहुँचाया।
बस में सवार अधिकतर यात्री चंबा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो काम या निजी कारणों से ऊना की ओर जा रहे थे।
4 यात्रियों की हालत नाजुक, टांडा रेफर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बस में सवार लगभग 40 यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें से चार लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉ.
राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है। अस्पताल में उपचाराधीन एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने बताया कि बस की गति तेज थी और अचानक एक जोरदार धमाके के साथ गाड़ी पलट गई, जिससे सवारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस ने संभाला ट्रैफिक, जांच शुरू
हादसे के बाद नूरपुर-चंबा मुख्य मार्ग पर बस के बीच सड़क पलटने से लंबा जाम लग गया। नूरपुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर क्रेन की सहायता से बस को किनारे करने का कार्य शुरू किया और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक को 'डिफेंस रोड' की ओर डाइवर्ट किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब मैकेनिकल जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा वाकई टायर फटने से हुआ या चालक की तबीयत बिगड़ने के कारण।