ऊना I
हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एसटीएफ नारकोटिक्स कांगड़ा की टीम ने शनिवार देर शाम एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। संतोषगढ़-नंगड़ा मार्ग पर की गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया।
एएसपी रेनू कुमारी के नेतृत्व में एंटी चिट्टा टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह जाल बिछाया था। पकड़ी गई नशीली खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में बताई जा रही है।
नशे की यह बड़ी खेप तब पकड़ी गई जब टाहलीवाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार (नंबर HP 20J-6570) को टीम ने तलाशी के लिए रोका। गहनता से जांच करने पर गाड़ी के अंदर से नशीले पदार्थ के कुल 15 पैकेट बरामद हुए।
पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को दबोच लिया, जिनकी पहचान सर्वजीत सिंह (28) निवासी अप्पर देहलां, गुरमुख सिंह (40) निवासी बरनोह और राहुल शर्मा (33) निवासी रायपुर सहोड़ा के रूप में हुई है।
एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है। जांच टीम आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड और उनके संपर्कों को भी खंगाल रही है ताकि नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।