मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर फिर 'संसद रत्न' अवार्ड से सम्मानित

सार

हिमाचल प्रदेश के लिए एक बार फिर बड़े गौरव का क्षण आया है।

3 मिनट
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर फिर 'संसद रत्न' अवार्ड से सम्मानित

हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश के लिए एक बार फिर बड़े गौरव का क्षण आया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को उनके उत्कृष्ट संसदीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित 'संसद रत्न' पुरस्कार (Sansad Ratna Award 2026) से सम्मानित किया गया है।

इस वर्ष यह सम्मान विशेष रूप से अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता वाली 'कोयला, स्टील एवं खान संसदीय स्थायी समिति' को उसके असाधारण व बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया है। इससे पहले वर्ष 2019 में भी लोकसभा में चीफ व्हिप और सांसद के रूप में उत्कृष्ट कामकाज के लिए उन्हें चेन्नई में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की प्रेरणा से 2010 में शुरू हुए थे यह प्रतिष्ठित पुरस्कार

संसद में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जनप्रतिनिधियों और समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के बहुमूल्य सुझाव पर वर्ष 2010 में 'संसद रत्न' पुरस्कारों की स्थापना की गई थी।

इस पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया बेहद पारदर्शी और कड़ी होती है। सांसदों और समितियों का मूल्यांकन संसद सत्र के दौरान चर्चाओं में भाग लेने की संख्या, पूछे गए सवालों, पेश किए गए विधेयकों (Bills), सदन में उनकी उपस्थिति और सांसद निधि (MPLAD) के सही इस्तेमाल के आधार पर किया जाता है।

वर्तमान में इन पुरस्कारों को 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' द्वारा भी मान्यता प्राप्त है।

अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में समिति ने एक साल में की 50 से अधिक बैठकें, पेश कीं 23 रिपोर्ट

18वीं लोकसभा के तहत श्री अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता वाली कोयला, स्टील एवं खान संसदीय स्थायी समिति ने देश के विकास में बेहद सक्रिय भूमिका निभाई है। समिति ने महज़ एक वर्ष के भीतर 50 से अधिक महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित कर ऊर्जा, खनन और इस्पात क्षेत्र की नीतियों पर गहन मंथन किया।

इस दौरान समिति ने संसद के दोनों सदनों में 23 महत्वपूर्ण रिपोर्टें प्रस्तुत कीं। इन रिपोर्टों में कोयला खनन के लिए पर्यावरण एवं वन स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाने, जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) निधि के क्रियान्वयन, स्टील स्क्रैप रिसाइक्लिंग नीति और खनिजों व धातुओं में भारत को आत्मनिर्भर बनाने जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषय शामिल रहे।

"यह पूरे हिमाचल और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का सम्मान": अनुराग सिंह ठाकुर

इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने पुरस्कार चयन समिति और अपनी समिति के सभी साथी सांसदों का आभार जताते हुए कहा, "एक सांसद के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए मुझे फिर से संसद रत्न मिलना मेरे लिए हर्ष का विषय

है। मैं इसे अपने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और पूरे हिमाचल प्रदेश के सम्मान के तौर पर देखता हूँ। यह मान्यता मुझे भविष्य में और अधिक जन-केंद्रित मुद्दे उठाने तथा आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रेरित करेगी।"

इस खबर को शेयर करें